भागलपुर में बदले मौसम का मिजोर, 11 अक्टूबर तक बारिश और तेज हवा का अलर्ट

भागलपुर और दक्षिण बिहार के इलाकों में मौसम पूरी तरह बदल गया है और अक्टूबर के पहले हफ्ते में ही हल्की ठंड का अहसास होने लगा है। बुधवार को छाए बादलों और ठंडी हवाओं के बाद गुरुवार दोपहर को शहर और ग्रामीण इलाकों में झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग (IMD) ने पूर्वानुमान जताया है कि यह मौसमी मिजाज 11 अक्टूबर तक ऐसा ही बना रहेगा।
मौसम में बदलाव के संकेत बुधवार को ही घने बादलों और तापमान में गिरावट के साथ मिल गए थे। गुरुवार को दोपहर करीब एक बजे गरज के साथ बारिश शुरू हो गई। दिनभर कभी हल्की तो कभी तेज बारिश होती रही, जिससे हवा में ठंडक इतनी बढ़ गई कि लोगों को पंखे और कूलर बंद करने पड़े।
मौसम विभाग का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, भागलपुर और दक्षिण बिहार के जिलों में 11 अक्टूबर तक कहीं-कहीं गरज के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। तापमान अधिकतम 32 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सुबह के समय हवा में नमी 75 से 80 प्रतिशत और दोपहर में 65 से 70 प्रतिशत रहने की उम्मीद है।
किसानों के लिए राहत
भागलपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों के किसानों ने इस बारिश का स्वागत किया है क्योंकि यह धान की फसल के लिए बहुत फायदेमंद है। पहले बारिश न होने से खेत की नमी खत्म हो गई थी, जिससे किसानों को महंगे सिंचाई का सहारा लेना पड़ रहा था। यह प्राकृतिक सिंचाई ऐसे समय में हुई है जब धान के पौधों में दाने आ रहे हैं, जिससे फसल की गुणवत्ता और पैदावार दोनों बेहतर हो सकती हैं और सिंचाई का खर्च भी कम होगा।
प्रशासन की सलाह
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों को आंधी-तूफान के दौरान सावधानी बरतने और बाहर जाते समय छाता साथ रखने की सलाह दी है, क्योंकि दुर्गा पूजा के त्योहार के सीजन से ठीक पहले मौसम का यह चक्र 11 अक्टूबर तक जारी रहने की उम्मीद है जिससे ठंड की शुरुआती आहट मिल रही है।