बिहार शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला: अब स्कूल समय में नहीं होंगे मीटिंग और ट्रेनिंग, शिक्षकों के लिए जारी किए 22 नियम
बिहार शिक्षा विभाग ने शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करने के लिए 22 नए नियम जारी किए हैं। जानें क्या बदला।

बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने के लिए शिक्षा विभाग ने एक बड़ा और सख्त कदम उठाया है। विभाग ने शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से पूरी तरह मुक्त करने के लिए 22 सूत्रीय दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अब शिक्षकों को पढ़ाने के समय किसी भी तरह की मीटिंग, ट्रेनिंग या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शामिल नहीं होना पड़ेगा। शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सीके अनिल ने इन आदेशों को तत्काल प्रभाव से लागू करने का निर्देश दिया है।
पढ़ाई में बाधा डालने वाले कामों पर लगी रोक
नए नियमों के मुताबिक, अब स्कूल के समय के दौरान कोई भी कार्यशाला या मीटिंग आयोजित नहीं की जाएगी। अगर कोई ट्रेनिंग या मीटिंग जरूरी है, तो उसे स्कूल खुलने से पहले या छुट्टी के बाद ही रखा जाएगा। साथ ही, पढ़ाने के घंटों के दौरान शिक्षकों से किसी भी तरह की रिपोर्ट या डेटा नहीं मांगा जाएगा, ताकि उनका पूरा ध्यान छात्रों की पढ़ाई पर रहे।
यह फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि पटना, दरभंगा, जमुई, गोपालगंज और सीवान जैसे जिलों के निरीक्षण के दौरान गंभीर खामियां पाई गई थीं। जांच में सामने आया कि स्कूल समय में मीटिंग्स और शिक्षकों की अनुपस्थिति के कारण कक्षाएं खाली रहती थीं, जिससे बच्चों की पढ़ाई का भारी नुकसान हो रहा था।
अब स्कूलों में अनुशासन बनाए रखने के लिए निम्नलिखित व्यवस्थाएं लागू होंगी:
- सब्सिट्यूट टीचर की व्यवस्था: अगर कोई शिक्षक अनुपस्थित रहता है, तो हेडमास्टर को उसी दिन दूसरे शिक्षक की व्यवस्था करनी होगी ताकि कोई भी क्लास खाली न रहे। इसके लिए हर स्कूल में एक 'सब्सिट्यूट अरेंजमेंट रजिस्टर' रखा जाएगा।
- अनुपस्थिति पर कार्रवाई: बिना पूर्व सूचना या अनुमति के छुट्टी लेने वाले शिक्षकों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
- डेली लेसन प्लान: शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए अब शिक्षकों को अनिवार्य रूप से प्रतिदिन का लेसन प्लान तैयार करना होगा।
- कमजोर बच्चों पर ध्यान: फाउंडेशनल लिटरेसी और न्यूमरेसी के तहत कमजोर बच्चों की पहचान कर उन्हें पढ़ने, लिखने और गणित में अतिरिक्त सहायता दी जाएगी।
छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल और सुरक्षा पर भी जोर दिया गया है। अब लड़कियों के लिए सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग और छात्रों के लिए फुटबॉल प्रैक्टिस जैसी गतिविधियां स्कूल समय के बाद आयोजित की जाएंगी। स्कूल के हेडमास्टर को शैक्षणिक अनुशासन बनाए रखने की पूरी जिम्मेदारी सौंपी गई है और यह सुनिश्चित करना होगा कि पहली घंटी बजते ही कक्षाएं शुरू हो जाएं।