बिहार के शिक्षकों के लिए प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग प्रोग्राम, ऑनलाइन ट्रेनिंग शुरू
बिहार शिक्षा विभाग ने कक्षा 6 से 8 के विज्ञान और गणित के लिए प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग ऑनलाइन ओरिएंटेशन प्रोग्राम शुरू किया है।

बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के तरीके को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने एक नई पहल की है। राज्य में कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों के लिए विज्ञान और गणित जैसे विषयों को आसान और दिलचस्प बनाने के लिए बिहार प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग ऑनलाइन ओरिएंटेशन प्रोग्राम की शुरुआत की गई है। यह कार्यक्रम 6 नवंबर 2026 से यूट्यूब लाइव के माध्यम से संचालित किया जा रहा है, ताकि शिक्षक आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को अपना सकें।
इस पूरी योजना की कमान राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (SCERT), पटना ने संभाली है। SCERT के संयुक्त निदेशक (DIET) डॉ. सुरेंद्र कुमार ने 4 नवंबर 2026 को एक आधिकारिक पत्र जारी कर इस ट्रेनिंग के संबंध में निर्देश दिए हैं। इस पत्र के जरिए जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला कार्यक्रम अधिकारियों को सूचित किया गया है कि नवंबर महीने के इस ओरिएंटेशन प्रोग्राम में सभी संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों की भागीदारी अनिवार्य है।
इन शिक्षकों और अधिकारियों की रहेगी भागीदारी
शिक्षा विभाग ने इस ट्रेनिंग के लिए एक विस्तृत सूची तैयार की है ताकि जमीनी स्तर तक इसका असर दिखे। इस कार्यक्रम में निम्नलिखित लोगों का शामिल होना जरूरी है:
- सभी मध्य विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और शिक्षक।
- जिला शिक्षक शिक्षा समन्वयक और ब्लॉक शिक्षा अधिकारी।
- सभी स्कूल कॉम्प्लेक्स मैनेजर।
- जिला और ब्लॉक स्तर की तकनीकी टीमों के सदस्य।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी प्रतिभागी दिए गए लिंक या क्यूआर कोड (QR Code) को स्कैन करके समय पर सेशन से जुड़ें। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी और समन्वय के लिए बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक और राज्य कार्यक्रम अधिकारी को भी सूचित किया गया है। साथ ही, इस अभियान में 'मंत्रा सोशल सर्विसेज' की टीम भी सहयोग कर रही है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य रटने की पद्धति को खत्म कर बच्चों में वैज्ञानिक सोच और व्यावहारिक ज्ञान को विकसित करना है।