बिहार में मानसून सक्रिय है और मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए मौसम की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में बारिश और वज्रपात की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, अरवल, जहानाबाद, पटना, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, मुंगेर, नवादा और गया के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जहां भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और वज्रपात की आशंका है। भागलपुर, बांका, जमुई और खगड़िया में भी गरज के साथ बारिश की संभावना को लेकर येलो अलर्ट है। अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और आंधी-तूफान के समय खुले में जाने से बचने की सलाह दी है। सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में अभी कोई अलर्ट नहीं है।
पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश अरवल में 111 मिमी दर्ज की गई। इसके बाद गया में 83 मिमी और पूर्णिया में 54 मिमी बारिश हुई। नालंदा में 29.5 मिमी, पश्चिम चंपारण में 20.6 मिमी, मुंगेर में 11 मिमी, सुपौल में 9.8 मिमी, मधेपुरा में 6 मिमी, मधुबनी में 5 मिमी, सीवान में 4 मिमी, भागलपुर में 4.1 मिमी और पटना में 2.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। अन्य जिलों में भी हल्की बारिश हुई।
सारण, दरभंगा, अररिया, रोहतास, पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर और औरंगाबाद में पिछले 24 घंटे में कोई बारिश नहीं हुई। वैशाली, शेखपुरा, कैमूर और जहानाबाद में बहुत कम बारिश हुई। पश्चिम चंपारण के वाल्मीकि नगर में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दरभंगा और पूर्वी चंपारण में 34.5 डिग्री, सीवान में 33.9 डिग्री और कैमूर में 33.3 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। रोहतास और पूर्वी चंपारण में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री, गया और अरवल में 24.8 डिग्री तथा शेखपुरा में 25.1 डिग्री दर्ज किया गया। पटना में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा और 2.4 मिमी बारिश हुई।