किशनगंज के दिगलबैंक पंचायत भवन परिसर में रविवार को एक दिन का मुफ्त नेत्र जांच शिविर लगाया गया। इस दौरान डॉक्टरों ने लगभग 700 मरीजों की जांच की और जरूरी सलाह दी।
नेपाल-भारत मैत्री संघ (सुरंगा) और दिगलबैंक ग्राम पंचायत ने बिर्तामोड के मेची आई हॉस्पिटल के सहयोग से इस शिविर का आयोजन किया। नेपाल के नेत्र विशेषज्ञ डॉ. आशीष भट्टराई के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने जांच की।
इस कार्यक्रम में विधायक गोपाल अग्रवाल और नेपाल-भारत मैत्री संघ के केंद्रीय उपाध्यक्ष छत्र बहादुर गिरि मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
विधायक अग्रवाल ने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की और नशा मुक्ति के लिए मिलकर प्रयास करने की बात कही। मुखिया के प्रतिनिधि गणेश कुमार सिंह ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को उनके पास ही मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं देना है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियानों से भारत और नेपाल के दोस्ताना रिश्ते मजबूत होते हैं। इस दौरान मुखिया पूनम देवी सहित दोनों देशों के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।