गंगा कटाव रोकने को पहली बार राघोपुर में उतरे बड़े जहाज

MyBhagalpur Team10 September 20262 min read20 viewsBihar
गंगा कटाव रोकने को पहली बार राघोपुर में उतरे बड़े जहाज

भागलपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। जिले के गोपालपुर प्रखंड अंतर्गत राघोपुर इलाके में गंगा नदी के विनाशकारी कटाव को थामने के लिए जल संसाधन विभाग ने एक बेहद अनूठी और आपातकालीन रणनीति अपनाई है। गंगा की तेज धारा जब तटवर्ती उपजाऊ जमीनों और घनी आबादी को निगलने पर आमादा हुई, तो विभाग ने पारंपरिक रास्तों को छोड़ पानी के रास्ते ही सीधा मोर्चा खोल दिया है। कटावरोधी कार्य को गति देने के लिए इतिहास में पहली बार दो बड़े मालवाहक जहाजों को मैदान में उतारा गया है।

इन विशाल जहाजों के माध्यम से भारी मात्रा में कटावरोधी और फ्लड फाइटिंग सामग्री को नदी के रास्ते सीधे अतिसंवेदनशील कटाव स्थल तक पहुंचाया जा रहा है। हाल के दिनों में गंगा के प्रवाह में अप्रत्याशित बदलाव के कारण राघोपुर क्षेत्र में भीषण कटाव देखा जा रहा है। स्थिति इतनी संवेदनशील हो गई कि सड़कों के जरिए कटाव स्थल तक सामग्री पहुंचाना लगभग असंभव हो गया था। ऐसे में जल संसाधन विभाग ने तुरंत आपदा प्रबंधन के तहत इस अनोखी रणनीति पर अमल किया।

जहाजों के इस्तेमाल से हो रही है समय की बचत


अधिकारियों के मुताबिक, इन मालवाहक जहाजों के इस्तेमाल से न सिर्फ समय की भारी बचत हो रही है, बल्कि उस जगह पर सीधे बोल्डर और जियो बैग गिराए जा रहे हैं, जहां धारा का सबसे ज्यादा दबाव है। स्थानीय ग्रामीणों और अभियंताओं का कहना है कि क्षेत्र में बाढ़ और कटाव के इतिहास में यह पहली बार है जब इतने बड़े जहाजों को फ्लड फाइटिंग के काम में लगाया गया है।

अधिकारियों की मुस्तैदी और उम्मीद


विभाग के वरिष्ठ इंजीनियर और अधिकारी चौबीसों घंटे मौके पर कैंप कर रहे हैं। इस नई तकनीक और रणनीति से उन इलाकों को बचाने की उम्मीद जग गई है, जो पूरी तरह नदी में विलीन होने की कगार पर पहुंच चुके थे। प्रशासन का दावा है कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हर संभव आधुनिक और त्वरित कदम उठाए जा रहे हैं

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment