भागलपुर जिले के गोपालपुर प्रखंड क्षेत्र में गंगा और कोसी नदियों के जलस्तर में शनिवार को मिला-जुला असर देखा गया। जहाँ इस्माईलपुर-बिंदटोली और राघोपुर में गंगा तथा मदरौनी में कोसी का पानी थोड़ा ऊपर चढ़ा है, वहीं जेबी चोरहर में कोसी के जलस्तर में आंशिक गिरावट आई है। हालांकि, फ्लड फाइटिंग कार्य और सुरक्षा तटबंध पूरी तरह मजबूत व सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
इस्माईलपुर-बिंदटोली में स्पर संख्या सात पर शनिवार सुबह छह बजे
गंगा का जलस्तर 32.25 मीटर दर्ज किया गया, जिसमें बीते 12 घंटों के दौरान आठ सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। नदी यहाँ खतरे के लाल निशान (31.60 मीटर) से 65 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। वहीं राघोपुर में गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई है और नदी का पानी काजीकौरैया-राघोपुर मार्जिनल बांध के निचले हिस्से (टो) से सट चुका है। जबकि मदरौनी में कोसी नदी का जलस्तर आंशिक बढ़त के साथ खतरे के निशान (31.48 मीटर) के करीब पहुँच रहा है। जेबी चोरहर में कोसी नदी के जलस्तर में पाँच सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई है। वर्तमान में चारों प्रमुख स्थलों पर नदियों का पानी सुरक्षा तटबंधों के निचले हिस्से को छू रहा है।
जलस्तर के इस उतार-चढ़ाव के बीच बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल की तकनीकी टीम और अभियंता दिन-रात स्परों व तटबंधों की सतत निगरानी कर रहे हैं। जल संसाधन विभाग ने सभी संवेदनशील बिंदुओं की सघन जाँच के बाद उन्हें पूरी तरह सुरक्षित करार दिया है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बालू की बोरियों का पर्याप्त स्टॉक तैयार रखा गया है।