भागलपुर के दियारा में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, मुंगेर के कारीगरों समेत चार गिरफ्तार

MyBhagalpur Team7 October 20261 min read0 viewsBihar
भागलपुर के दियारा में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, मुंगेर के कारीगरों समेत चार गिरफ्तार

भागलपुर के नवगछिया में पुलिस और एसटीएफ ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। भवानीपुर थाना क्षेत्र के बांधा बहियार दियारा इलाके में चल रही अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश हुआ है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने हथियार बना रहे चार शातिर कारीगरों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया।

अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ और गिरफ्तारी से जुड़ी मुख्य बातें:
- नवगछिया पुलिस और बिहार एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई
- भवानीपुर थाना क्षेत्र के बांधा बहियार दियारा इलाके में चल रही थी फैक्ट्री
- मौके से हथियार बना रहे चार शातिर कारीगर गिरफ्तार
- मुख्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना


नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 5 अक्टूबर को पुलिस को पुख्ता इनपुट मिला था। सूचना थी कि वीरबन्ना का रहने वाला मृत्यंजय यादव अपने साढ़ू मुकेश यादव के साथ मिलकर बाहर से पेशेवर कारीगरों को बुला रहा है और दियारा के सुनसान इलाके में अवैध हथियार बनवा रहा है। इस सूचना के बाद नवगछिया पुलिस और एसटीएफ की एक संयुक्त विशेष टीम बनाई गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से बांधा बहियार दियारा में घेराबंदी कर अचानक धावा बोल दिया।

भारी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद


तलाशी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और उन्हें बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। बरामद सामान में 2 देशी पिस्टल, 6 जिंदा कारतूस, 5 पीस मैगजीन और भारी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार तथा गन बनाने के कटर, रेती सहित कई आधुनिक उपकरण शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम


गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद तौसिक उर्फ साधो (बरदह, मुंगेर), मोहम्मद अरमान उर्फ मेहरूद्दीन (मिर्जापुर बधो, मुंगेर), मुकेश यादव (मुफस्सिल, मुंगेर) और मनीष कुमार यादव (भवानीपुर, भागलपुर) शामिल हैं। मुख्य सरगना मृत्यंजय यादव (निवासी वीरबन्ना) मौके से भागने में सफल रहा जिसकी तलाश जारी है।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment