मुंगेर जिला प्रशासन ने जमालपुर-भागलपुर तीसरी रेल लाइन प्रोजेक्ट पर काम तेज कर दिया है। मुंगेर के जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) निखिल धनराज और रेलवे निर्माण विभाग के अधिकारी इस प्रोजेक्ट को पूरा करने में लगे हैं।
- जमालपुर-भागलपुर-साहेबगंज लूप लाइन ईस्टर्न रेलवे का सबसे व्यस्त हिस्सा है।
- इस लाइन पर रोजाना 100 से ज्यादा एक्सप्रेस, पैसेंजर और मालगाड़ी चलती हैं।
- अतिरिक्त लाइन बनने से ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी और लेट होने की समस्या खत्म होगी।
जमालपुर से कल्याणपुर के बीच जल्द ही तकनीकी और प्रशासनिक जांच की जाएगी। इस जांच में गांवों की जमीन, निजी जमीन, सरकारी जमीन, रेलवे की जमीन पर कब्जा और जमीन अधिग्रहण में आने वाली रुकावटों की रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इस जांच के दौरान डीएम के साथ रेलवे के डिप्टी चीफ इंजीनियर (कंस्ट्रक्शन), एएमई और आरडब्ल्यूबी के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
जिला प्रशासन ने रेलवे अधिकारियों को जमीन अधिग्रहण और कब्जा हटाने में पूरी मदद का भरोसा दिया है।
जांच के बाद डीएम की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक होगी जिसमें मुआवजा और पुनर्वास तय किया जाएगा। रेलवे निर्माण विभाग ने ड्रोन सर्वे और मैंपिंग का काम लगभग पूरा कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि अगर समय पर काम हुआ तो अगले वित्तीय वर्ष से निर्माण कार्य शुरू हो सकता है। जमालपुर और आसपास के यात्रियों के लिए यह प्रोजेक्ट बहुत मददगार साबित होगा।