भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल यानी JLNMCH में अब इमरजेंसी मेडिसिन में पीजी कोर्स शुरू होगा। नेशनल मेडिकल कमीशन ने इस कोर्स के लिए पांच सीटों पर मंजूरी दे दी है। पहले राउंड की एडमिशन प्रक्रिया 26 अक्टूबर से 2 नवंबर तक होगी। JLNMCH के प्रिंसिपल डॉ. संदीप लाल ने बताया कि एम्स पटना के बाद बिहार में यह दूसरा ऐसा संस्थान है जहां यह कोर्स शुरू होगा।
मरीजों को बेहतर इलाज देने के लिए पुराने इमरजेंसी विभाग में 30 बेड का नया वार्ड बनेगा। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों को तुरंत विशेषज्ञ डॉक्टर मिल सकेंगे।
दुर्गा पूजा और मूर्ति विसर्जन को लेकर राज्य स्वास्थ्य विभाग ने JLNMCH, सदर अस्पताल और सभी ब्लॉक स्तरीय सरकारी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया है। भीड़ से जुड़ी आपात स्थिति से निपटने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं और त्योहार के दौरान डॉक्टरों और नर्सों की ड्यूटी लगाई गई है। अस्पतालों को निर्देश दिया गया है कि सभी मरीजों का तुरंत इलाज हो और जरूरत पड़ने पर ऑन-कॉल डॉक्टर भी उपलब्ध रहें। सदर अस्पताल के प्रभारी डॉ. राजू ने बताया कि दशमी के दिन ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी, लेकिन इमरजेंसी सेवाएं हमेशा की तरह चालू रहेंगी ताकि इलाज में कोई रुकावट न आए।