मखाना, जूट और आधुनिक तकनीक का संगम: कटिहार में 19 नवंबर से दो दिवसीय जिला स्तरीय किसान मेला
कटिहार के मिर्चाईबाड़ी में 19-20 नवंबर को लगेगा किसान मेला। मखाना, जूट और आधुनिक कृषि तकनीकों की होगी प्रदर्शनी।

कटिहार के किसानों की किस्मत बदलने और उन्हें खेती के नए तरीकों से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन एक बड़ी तैयारी कर रहा है। जिले में आगामी 19 और 20 नवंबर को जिला स्तरीय किसान मेला-सह-कृषि प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह मेला न केवल खेती की नई तकनीकों का प्रदर्शन होगा, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने के नए रास्ते भी खोलेगा।
मिर्चाईबाड़ी स्थित संयुक्त कृषि भवन परिसर में आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन 19 नवंबर को सुबह 11 बजे जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी करेंगे। इस मौके पर डीएम प्रगतिशील किसानों को नवाचार के तौर पर 'ब्रिजाटो' और 'पोमैटो' जैसे विशेष पौधों का वितरण भी करेंगे, जो खेती में आधुनिक बदलाव का प्रतीक हैं।
खेती के नए प्रयोग और विशेषज्ञों से सीधा संवाद
बिहार सरकार के कृषि विभाग और आत्मा, कटिहार के साझा प्रयास से आयोजित इस मेले में कटिहार की शान माने जाने वाले मखाना के साथ-साथ जूट, शहद, मिलेट्स (श्री अन्न) और ड्रेगन फ्रूट की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अलावा अज़ोला और संकर धान व मक्का की उन्नत किस्मों को भी प्रदर्शित किया जाएगा ताकि किसान कम लागत में ज्यादा मुनाफा कमा सकें।
मेले की खास बात यह है कि यहाँ किसानों को केवल प्रदर्शन ही नहीं दिखेगा, बल्कि आधुनिक कृषि यंत्रों और जैविक खेती की वैज्ञानिक तकनीकों की लाइव जानकारी भी मिलेगी। मेले में महिला स्वयं सहायता समूहों, कृषि उद्यमियों और किसान उत्पादक संगठनों की भी बड़ी भूमिका होगी, जिससे उत्पादों की प्रोसेसिंग और मार्केटिंग (विपणन) को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा।
जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक आत्मा, राजीव कुमार ने बताया कि इस आयोजन का मकसद खेती को अधिक टिकाऊ और रोजगारपरक बनाना है। आयोजन स्थल पर कृषि विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे, जिनसे किसान अपनी समस्याओं का सीधा समाधान पा सकेंगे। उन्होंने जिले के सभी अन्नदाताओं से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में पहुँचकर इन सरकारी योजनाओं और नई तकनीकों का लाभ उठाएं।