कटिहार में किसान मेला का शानदार आगाज, ड्रोन से खेती और मखाना उत्पादों ने जीता दिल
कटिहार में दो दिवसीय जिला स्तरीय किसान मेला शुरू हुआ, जहां ड्रोन तकनीक और मखाना के नए उत्पादों ने सबका ध्यान खींचा।

बिहार के कटिहार जिले में खेती-किसानी को आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। संयुक्त कृषि भवन परिसर में गुरुवार को दो दिवसीय जिला स्तरीय कटिहार किसान मेला और कृषि प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ हुआ। इस आयोजन का मकसद किसानों को पारंपरिक खेती से निकालकर वैज्ञानिक और आधुनिक तरीकों से जोड़ना है।
कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, उप विकास आयुक्त डॉ. नेहा कुमारी, विधायक तारकिशोर प्रसाद, पूर्व सांसद निखिल चौधरी और जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस मौके पर 'स्मार्ट कृषि पुस्तिका' और 'मखाना सत्तू' का विमोचन किया गया। मेहमानों ने मखाने से बनी जलेबी और ठेकुआ का स्वाद चखा, जिससे यह संदेश गया कि मखाने जैसे स्थानीय उत्पादों की प्रोसेसिंग कर उनकी कीमत और कमाई दोनों बढ़ाई जा सकती है।
ड्रोन तकनीक और आधुनिक यंत्रों का प्रदर्शन
मेले में सबसे ज्यादा चर्चा ड्रोन तकनीक की रही। जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने खुद ड्रोन उड़ाकर दिखाया कि कैसे फसलों में कीटनाशकों और उर्वरकों का छिड़काव आसानी से किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि ड्रोन के इस्तेमाल से न केवल समय और मेहनत की बचत होगी, बल्कि खेती की लागत में भी कमी आएगी।
इसके अलावा, मेले में ताजी सब्जियों से बनाई गई रंगोली आकर्षण का केंद्र रही। परिसर में लगे अलग-अलग स्टॉलों पर जैविक खेती, उन्नत बीजों और आधुनिक कृषि यंत्रों की जानकारी दी गई। डीएम आशुतोष द्विवेदी और डीडीसी डॉ. नेहा कुमारी ने किसानों से संवाद करते हुए उन्हें फसल विविधीकरण और प्राकृतिक खेती अपनाने की सलाह दी।
अधिकारियों ने युवाओं और किसानों को प्रेरित करते हुए कहा कि मखाने को केवल कच्चे रूप में बेचने के बजाय उसकी पैकेजिंग और ब्रांडिंग पर ध्यान देना चाहिए, जिससे उनकी आय कई गुना बढ़ सकती है। इस आयोजन में बड़ी संख्या में कृषि वैज्ञानिक, सलाहकार और जिले भर के किसान शामिल हुए।