कटिहार में कमाल: अब एक ही पौधे से मिलेंगे बैंगन, टमाटर और आलू

कटिहार में आधुनिक ग्राफ्टिंग तकनीक से 'ब्रिजेटो' और 'पोमेटो' उगाए जाएंगे, जिससे कम जमीन में किसानों की आय बढ़ेगी।

Ishita Kumari9 November 20262 min read0 viewsDevelopment and good news
कटिहार में कमाल: अब एक ही पौधे से मिलेंगे बैंगन, टमाटर और आलू

बिहार के कटिहार जिले में खेती की दुनिया में एक बड़ा बदलाव आने वाला है। अब किसानों को अलग-अलग सब्जियों के लिए अलग-अलग क्यारियां बनाने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि यहाँ कटिहार में आधुनिक ग्राफ्टिंग तकनीक के जरिए एक ही पौधे पर दो अलग-अलग सब्जियां उगाने की तैयारी की जा रही है। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के मार्गदर्शन और जिला कृषि पदाधिकारी सह आत्मा के परियोजना निदेशक राजीव कुमार के नेतृत्व में इस अभिनव पहल की शुरुआत की गई है।

इस अनोखे प्रयोग के लिए जिला कृषि विभाग ने वाराणसी स्थित भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान से संपर्क किया है। विभाग ने संस्थान से उन्नत ग्राफ्टिंग पद्धति से तैयार 'ब्रिजेटो' और 'पोमेटो' के पौधे उपलब्ध कराने और तकनीकी सहयोग देने का अनुरोध किया है। यह पूरी प्रक्रिया ग्राफ्टिंग यानी कलम-संयोजन पद्धति पर आधारित है, जो कम जमीन में ज्यादा पैदावार लेने का एक बेहतरीन विकल्प है।

क्या है ब्रिजेटो और पोमेटो की खासियत?

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

इस तकनीक की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह दो अलग-अलग पौधों को जोड़कर एक बना देती है। 'ब्रिजेटो' तकनीक में बैंगन और टमाटर के पौधों का संयोजन किया जाता है, जिससे एक ही पौधे से दोनों सब्जियां प्राप्त होती हैं। वहीं, 'पोमेटो' के जरिए आलू और टमाटर को एक साथ उगाया जाता है; इसमें पौधे के ऊपरी हिस्से पर टमाटर लगते हैं और जमीन के नीचे आलू पैदा होते हैं।

यह नवाचार विशेष रूप से उन छोटे और सीमांत किसानों के लिए वरदान साबित होगा जिनके पास खेती के लिए बहुत कम जमीन है। इससे न केवल उत्पादन लागत में कमी आएगी, बल्कि किसानों की आमदनी के नए स्रोत भी खुलेंगे और ग्रामीण परिवारों को बेहतर पोषण मिलेगा।

प्रशासन की योजना है कि वाराणसी संस्थान से पौधे और तकनीकी मदद मिलने के बाद, पहले चरण में जिले के कुछ प्रगतिशील किसानों के खेतों में इसका ट्रायल किया जाएगा। इस दौरान कटिहार की जलवायु में इन पौधों की गुणवत्ता और उनसे होने वाले आर्थिक लाभ का बारीकी से आकलन किया जाएगा। यदि परिणाम सफल रहे, तो इस वैज्ञानिक खेती का विस्तार पूरे जिले के किसानों तक किया जाएगा ताकि उन्हें पारंपरिक खेती से आगे बढ़ाकर अधिक मुनाफे वाली आधुनिक खेती से जोड़ा जा सके।

Share:

Comments

Leave a comment