कटिहार में सड़क हाथसों को रोकने और ट्रैफिक व्यवस्था ठीक करने के लिए समाहरणालय के एनआईसी सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी-सह-अध्यक्ष आशुतोष द्विवेदी ने की। इस बैठक में अधिकारियों को नियमों का कड़ाई से पालन करने और खतरनाक जगहों पर तुरंत सुधार करने के कड़े निर्देश दिए गए।
- जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने की बैठक की अध्यक्षता
- सघन वाहन जांच अभियान चलाने के दिए गए निर्देश
- ब्लैक स्पॉट पर तकनीकी सुधार करने पर जोर
- ओवरलोडिंग और अवैध अतिक्रमण पर होगी कड़ी कार्रवाई
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में लगातार सघन वाहन जांच अभियान चलाया जाए।
इसमें हेलमेट, सीट बेल्ट और गाड़ी के सही कागजातों की अनिवार्य जांच की जाएगी। इसके साथ ही
नाबालिगों द्वारा गाड़ी चलाने पर पूरी तरह रोक लगाने को कहा गया है। राष्ट्रीय राजमार्गों और दूसरे रास्तों पर पहले से पहचानी गई सभी खतरनाक जगहों यानी ब्लैक स्पॉट पर तुरंत सुधार, बोर्ड लगाने, सड़क पर मार्किंग करने और रंबल स्ट्रिप लगाने का काम जल्दी पूरा करने पर जोर दिया गया।
बैठक में ज्यादा सामान लादने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई करने, सड़कों से अवैध अतिक्रमण हटाने, भारी गाड़ियों के लिए सुरक्षित पार्किंग और ट्रक ले-बाय की व्यवस्था करने तथा इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन बनाने के कामों की प्रगति भी जांची गई। ट्रैफिक को आसान बनाने के लिए मुख्य चौराहों पर ट्रैफिक ट्रॉली की संख्या बढ़ाने, राष्ट्रीय राजमार्ग पर नियमित पुलिस गश्ती पक्की करने और संभावित बाढ़ वाले इलाकों में नावों की सुरक्षा पर भी बातचीत हुई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को मिलकर काम करने और सड़क सुरक्षा नियमों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया ताकि हादसों में कमी आ सके। बैठक में नगर आयुक्त, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित समिति के सभी सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।