किशनगंज में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 55 लाख की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
बिहार के किशनगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 275 ग्राम हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 55 लाख रुपये बताई जा रही है।

बिहार के किशनगंज में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई है। यह पूरी कार्रवाई बहादुरगंज रजिस्ट्री ऑफिस के पास की गई, जहां पुलिस ने जाल बिछाकर तस्करों को दबोचा।
पुलिस के मुताबिक, यह ऑपरेशन एसडीपीओ-1 खुसरो सिराज के नेतृत्व में एएलटीएफ (ALTF) टीम द्वारा चलाया गया था। गुरुवार की शाम जब टीम बहादुरगंज रजिस्ट्री ऑफिस के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी एक काली मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध नजर आए। जब पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली, तो उनके पास से 275 ग्राम संदिग्ध पदार्थ मिला, जिसकी पहचान हेरोइन के रूप में हुई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में है करोड़ों की कीमत
शुक्रवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि यह गिरफ्तारी नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे एक विशेष अभियान का हिस्सा है। पुलिस को पहले ही सूचना मिली थी कि बहादुरगंज थाना क्षेत्र में ड्रग्स की एक बड़ी खेप आने वाली है, जिसके बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान बहादुरगंज के रहमतनगर निवासी लाडला अंसारी और अली हुसैन चौक निवासी शाहिद आलम के रूप में हुई है। पुलिस ने जब्त की गई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 55 लाख रुपये आंकी है। नशीले पदार्थ के अलावा, पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य संपर्कों का पता लगाने में जुटी है।