मायागंज अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा ठप, रोजाना निराश लौट रहे 50 से ज्यादा मरीज
भागलपुर के मायागंज अस्पताल में मशीन खराब होने से अल्ट्रासाउंड सेवा बंद है, जिससे रोजाना 50 से ज्यादा मरीज निराश लौट रहे हैं।

पूर्वी बिहार के सबसे बड़े चिकित्सा केंद्र, जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज अस्पताल) में स्वास्थ्य सुविधाएं चरमरा गई हैं। अस्पताल की ओपीडी में पिछले चार दिनों से अल्ट्रासाउंड जांच सेवा पूरी तरह ठप पड़ी है, जिससे मरीजों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। मशीन में आई तकनीकी खराबी के कारण रोजाना 50 से अधिक मरीज बिना जांच के ही घर लौटने को मजबूर हैं।
सबसे ज्यादा असर उन गरीब मरीजों पर पड़ रहा है जो दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों और अन्य जिलों से इलाज की उम्मीद में भागलपुर आते हैं। पेट दर्द, पथरी और अन्य गंभीर आंतरिक बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को जब डॉक्टर अल्ट्रासाउंड की सलाह देते हैं, तो जांच केंद्र पर ताला लटका देख उनकी उम्मीदें टूट जाती हैं। बैजनाथपुर और आसपास के क्षेत्रों से आए मरीजों का कहना है कि सरकारी व्यवस्था की इस लापरवाही के कारण उन्हें या तो दोबारा किराया खर्च कर चक्कर काटने पड़ रहे हैं या फिर मजबूरी में महंगे निजी सेंटरों पर अपनी जेब से मोटी रकम खर्च करनी पड़ रही है।
कब बहाल होगी सेवा?
अस्पताल प्रबंधन ने इस समस्या को स्वीकार करते हुए बताया कि अल्ट्रासाउंड मशीन में तकनीकी खराबी आ गई है। इसकी सूचना संबंधित कंपनी और इंजीनियर को दे दी गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि सोमवार या मंगलवार तक इंजीनियर भागलपुर पहुंच जाएंगे, जिसके बाद मशीन की मरम्मत कर जांच सेवा को फिर से शुरू किया जा सकेगा। तब तक मरीजों के पास कोई वैकल्पिक सरकारी व्यवस्था नहीं है और उन्हें इंतजार करना पड़ रहा है।