मुंगेर से भागलपुर के बीच बनेगा 83km लंबा मरीन ड्राइव, कैबिनेट ने दी मंजूरी
बिहार सरकार मुंगेर से भागलपुर के बीच 83 किमी लंबा मरीन ड्राइव बनाएगी। यह फोर-लेन सड़क बाढ़ सुरक्षा और पर्यटन को बढ़ावा देगी।

बिहार के बुनियादी ढांचे में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। राज्य सरकार ने गंगा नदी के किनारे मुंगेर और भागलपुर को जोड़ने के लिए एक भव्य मरीन ड्राइव प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की घोषणा करते हुए बताया कि अगले दो महीनों के भीतर इसका काम शुरू हो जाएगा। लगभग 83.33 किलोमीटर लंबी यह सड़क न केवल यातायात को आसान बनाएगी, बल्कि इलाके की सूरत भी बदल देगी।
यह फोर-लेन सड़क मुंगेर के सफियाबाद से शुरू होकर बरियारपुर, घोरघाट, सुल्तानगंज और भागलपुर से होते हुए सबौर पर समाप्त होगी। इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात यह है कि इसे एक सुरक्षा तटबंध (embankment) के तौर पर भी डिजाइन किया गया है, जिससे क्षेत्र में बाढ़ और कटाव के खतरे को कम किया जा सकेगा। इस सड़क के निर्माण में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल अपनाया गया है, जिसमें 40 प्रतिशत खर्च सरकार उठाएगी और शेष 60 प्रतिशत डेवलपर द्वारा वहन किया जाएगा।
पर्यटन और रोजगार को मिलेंगे नए पंख
इस प्रोजेक्ट का असर सिर्फ रफ्तार तक सीमित नहीं रहेगा। श्रावणी मेले के दौरान सुल्तानगंज होते हुए देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह रास्ता वरदान साबित होगा। इसके अलावा, जमालपुर, लखीसराय, धरहरा, हवेली खरगापुर और तारापुर जैसे शहरों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इस कॉरिडोर के किनारे नए होटल, रेस्टोरेंट और शॉपिंग जोन विकसित होने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के हजारों अवसर पैदा होंगे।
प्रोजेक्ट की वर्तमान स्थिति की बात करें तो बरियारपुर के हेरू दियारा से करहरिया पंचायत तक के 16 किलोमीटर के हिस्से का प्राथमिक सर्वे पूरा हो चुका है, जिसमें 226 एकड़ जमीन की पहचान की गई है। अब इसके सोशल इम्पैक्ट असेसमेंट के प्रस्ताव पर काम चल रहा है। इस पूरे निर्माण कार्य को 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए चार साल की समयसीमा तय की गई है। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों ने इसे ऐतिहासिक भागलपुर और मुंगेर के विकास में एक मील का पत्थर बताया है।