प्रधानमंत्री ने भागलपुर को दी 3,367 करोड़ से अधिक की दो बड़ी सौगातें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भागलपुर में कहलगांव सीवरेज प्रोजेक्ट का उद्घाटन और पीरपैंती पावर प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भागलपुर जिले को ऊर्जा और स्वच्छता के क्षेत्र में दो बेहद महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का तोहफा दिया है। वैशाली में आयोजित एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने रिमोट का बटन दबाकर जिले की तस्वीर बदलने वाली इन योजनाओं की शुरुआत की। इस मौके पर भागलपुर के टाउन हॉल में बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में आम लोग इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने।
प्रधानमंत्री ने करीब 17.47 करोड़ रुपये की लागत से तैयार कहलगांव सीवरेज अवसंरचना परियोजना का उद्घाटन किया। यह प्रोजेक्ट कहलगांव के शहरी इलाके के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, क्योंकि इससे शहर की पुरानी जल निकासी की समस्या पूरी तरह खत्म हो जाएगी। नमामि गंगे मिशन के तहत बनाए गए इस ट्रीटमेंट प्लांट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अब शहर के नालों का गंदा पानी सीधे गंगा नदी में नहीं जाएगा। पानी को वैज्ञानिक तरीके से साफ किया जाएगा और उसके बाद ही उसे प्रवाहित किया जाएगा, जिससे गंगा की निर्मलता बनी रहेगी।
पीरपैंती में बिजली उत्पादन को मिलेगी नई रफ्तार
स्वच्छता के साथ-साथ प्रधानमंत्री ने ऊर्जा क्षेत्र में भी एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने लगभग 3,350 करोड़ रुपये की पीरपैंती पावर इवैकुएशन परियोजना की आधारशिला रखी। इस सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की कुल क्षमता 2400 मेगावाट (3x800 मेगावाट) होगी। इस परियोजना के पूरा होने से पीरपैंती संयंत्र में बनने वाली बिजली को आसानी से नेशनल ग्रिड तक पहुँचाया जा सकेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस भारी निवेश वाली परियोजना से न केवल बिहार के बिजली ढांचे को मजबूती मिलेगी, बल्कि पूरे इलाके में औद्योगिक विकास होगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इन दोनों परियोजनाओं के जरिए भागलपुर जिला अब स्वच्छता और ऊर्जा के क्षेत्र में एक नई ऊंचाई छूने की ओर अग्रसर है।