पटना में साइंस कांग्रेस वर्कशॉप में चमकेंगे भागलपुर के प्रफुल्ल कुमार
भागलपुर के DAV पब्लिक स्कूल के छात्र प्रफुल्ल कुमार पटना में आयोजित 32वें राज्य स्तरीय चिल्ड्रन्स साइंस कांग्रेस वर्कशॉप में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

भागलपुर के एक होनहार छात्र ने अपनी वैज्ञानिक सोच से जिले का मान बढ़ाया है। बरारी स्थित DAV पब्लिक स्कूल के छात्र प्रफुल्ल कुमार का चयन 32वें राज्य स्तरीय चिल्ड्रन्स साइंस कांग्रेस-2026 के तहत नेशनल प्रोजेक्ट सिलेक्शन और एनरिचमेंट वर्कशॉप के लिए हुआ है। प्रफुल्ल अब पटना में आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में भागलपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
यह तीन दिवसीय वर्कशॉप 28 से 30 नवंबर 2026 तक पटना के प्लैनेटेरियम ऑडिटोरियम में आयोजित की जाएगी। इस खास आयोजन में बिहार के विभिन्न जिलों से चुने गए कुल 50 प्रतिभागी अपने साइंस प्रोजेक्ट्स के साथ हिस्सा ले रहे हैं। प्रफुल्ल के साथ उनके स्कूल के शिक्षक डॉ. चंद्रोहास भारती भी एस्कॉर्ट टीचर के तौर पर पटना जाएंगे।
इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल पर आधारित है प्रोजेक्ट
प्रफुल्ल कुमार ने इस प्रतियोगिता के लिए 'स्टडी ऑन इथेनॉल-ब्लेंडेड पेट्रोल एंड इट्स इम्पैक्ट ऑन इंजनों' (इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल और इंजनों पर इसके प्रभाव का अध्ययन) विषय पर अपना प्रोजेक्ट तैयार किया है। अपने इस प्रोजेक्ट के जरिए उन्होंने यह समझने की कोशिश की है कि इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का उपयोग वाहनों के इंजन की परफॉर्मेंस और कार्यक्षमता पर कैसा असर डालता है। वर्कशॉप के दौरान इस प्रोजेक्ट के वैज्ञानिक पहलुओं पर चर्चा होगी और इसे और बेहतर बनाने के टिप्स दिए जाएंगे।
प्रफुल्ल की इस उपलब्धि पर DAV पब्लिक स्कूल, बरारी के प्रिंसिपल अनिल कुमार ने खुशी जताई है। साथ ही जिला समन्वयक डॉ. पी.के. शरण, संजीव कुमार, 'साइंस फॉर सोसाइटी' के अध्यक्ष प्रोफेसर टी.के. घोष, प्रोफेसर डॉ. डी.एन. चौधरी और मनीष कुमार ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।