राघोपुर-काजीकोरैया बांध का बड़ा हिस्सा ध्वस्त, मंत्री और डीएम ने किया निरीक्षण

भागलपुर के नवगछिया में राघोपुर-काजीकोरैया मुख्य बांध का एक बड़ा हिस्सा गंगा नदी की तेज धार में ध्वस्त हो गया है। बांध टूटने से क्षेत्र में नदी का कटाव तेजी से फैल रहा है और ग्रामीणों के सामने बेघर होने का संकट खड़ा हो गया है। जल संसाधन विभाग के करोड़ों रुपये के कटावरोधी कार्य गंगा में बह चुके हैं और स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग के उपाय ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रहे हैं।
मंत्री और डीएम ने किया कटाव स्थल का निरीक्षण
हालात को देखते हुए पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र और भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद दोनों अधिकारी जल संसाधन विभाग की कार्यशैली से असंतुष्ट दिखे। डीएम ने मुख्य बांध की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कटावरोधी कार्य समय-सीमा में पूरे करने के सख्त निर्देश दिए हैं। मौके पर मजदूरों और संसाधनों की कमी को तुरंत दूर करने को कहा गया है ताकि काम में तेजी आ सके।
अधिकारियों की लापरवाही पर उठे सवाल
मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र ने कहा कि उन्होंने पहले ही अधिकारियों को आगाह किया था कि गंगा अपना रुख बदल रही है जिससे कटाव बढ़ेगा और समय रहते काम शुरू होना चाहिए था। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार कटाव की रफ्तार इतनी तेज है कि उनके घर और खेत कभी भी नदी में समा सकते हैं। सरकारी दावों के विपरीत जमीन पर काम बहुत सुस्त है और यदि बांध को सुरक्षित नहीं किया गया तो स्थिति और भयावह हो सकती है।