सबौर बीएयू में भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ के स्वर्ण जयंती समारोह और कुलपति सम्मेलन का आगाज
बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर में भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ के स्वर्ण जयंती समारोह और कुलपति सम्मेलन का भव्य आगाज हुआ।

बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के प्रांगण में शनिवार को एक ऐतिहासिक आयोजन की शुरुआत हुई। यहाँ भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ के दो दिवसीय स्वर्ण जयंती समारोह सह कुलपति सम्मेलन एवं राष्ट्रीय सम्मेलन का भव्य शुभारंभ किया गया। बिहार में पहली बार आयोजित हो रहे इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि केंद्रीय वस्त्र उद्योग मंत्री गिरिराज सिंह और बिहार सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री रामचंद्र प्रसाद ने दीप प्रज्वलित कर किया। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डी.आर. सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
28 और 29 नवंबर तक चलने वाले इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश भर के 20 से अधिक कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपति शामिल हुए हैं। इसके साथ ही 250 से ज्यादा वरिष्ठ वैज्ञानिक, शिक्षाविद, विभागीय अधिकारी और नीति निर्माता भी इस मंच पर मौजूद हैं। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य वैज्ञानिकों और किसानों के बीच एक बेहतर तालमेल बिठाना है, ताकि प्रयोगशालाओं में होने वाले शोध का लाभ सीधे खेतों तक पहुँच सके।
कृषि अर्थव्यवस्था के लिए तैयार होगा रोडमैप
भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ की स्थापना साल 1967 में कृषि शिक्षा, अनुसंधान और प्रसार को मजबूत करने के लिए की गई थी, जिससे वर्तमान में 74 संस्थान जुड़े हुए हैं। इस स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर 'अमृतकाल' के अगले 25 वर्षों के लिए नीतिगत फैसले लिए जा रहे हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए एक रोडमैप तैयार किया जा रहा है।
इस दो दिवसीय आयोजन में कुल छह प्रमुख विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इन सत्रों में कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन, नीतिगत और सामाजिक नवाचार के साथ-साथ आधुनिक कृषि विस्तार जैसे अहम मुद्दों पर शोध पत्र प्रस्तुत किए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम में इंटरनेशनल सोसाइटी ऑफ एक्सटेंशन एजुकेशन के वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल हुए हैं। सम्मेलन के अंत में कृषि विस्तार के क्षेत्र में शानदार काम करने वाले वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों को सम्मानित भी किया जाएगा।