गंगा कटाव देखने भागलपुर पहुंचे सम्राट चौधरी, दिए सख्त निर्देश

MyBhagalpur Team5 September 20262 min read31 viewsBihar
गंगा कटाव देखने भागलपुर पहुंचे सम्राट चौधरी, दिए सख्त निर्देश

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को भागलपुर पहुंचे। वे गंगा नदी के तेज कटाव से उत्पन्न भयावह स्थिति का जायजा लेने आए थे। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से भागलपुर पहुंचे और सड़क मार्ग द्वारा नवगछिया के राघोपुर तटबंध के कटाव स्थल पर गए।

राघोपुर तटबंध का निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने तटबंध पर पहुंचकर स्थिति की गंभीरता को देखा। उन्‍होंने नदी में युद्धस्तर पर चल रहे कटाव निरोधी कार्यों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने पानी के जहाज के माध्यम से किए जा रहे बचाव और राहत कार्यों की भी विस्तृत जानकारी ली। इस उच्च स्तरीय दौरे के दौरान उनके साथ बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र और ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल विशेष रूप से उपस्थित रहे। मंत्रियों ने मुख्यमंत्री को क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और कटाव से प्रभावित हुई ग्रामीण आबादी की समस्याओं से अवगत कराया। प्रभावित राघोपुर पंचायत क्षेत्र में ही मंत्री बुलो मंडल का पैतृक आवास भी है, जहां पिछले दिनों तटबंध क्षतिग्रस्त होने के कारण बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया था।

अधिकारियों के साथ बैठक और निर्देश

दौरे पर मंत्रियों के साथ भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय, नवगछिया के पुलिस अधीक्षक, जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता और एनडीए के कई स्थानीय वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। स्थल पर मौजूद जल संसाधन विभाग के तकनीकी विशेषज्ञों और प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बोल्डर क्रेटिंग की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने इंजीनियर, मंत्रियों और विभागीय अधिकारियों के साथ विमर्श करते हुए निर्देश दिया कि बचाव कार्यों में आधुनिकतम तकनीकों और सभी आवश्यक संसाधनों का तुरंत उपयोग किया जाए।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राज्य सरकार प्रभावित लोगों की सुरक्षा और राहत के लिए पूरी तरह संवेदनशील है। तटबंध की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने मौके पर तैनात प्रशासनिक टीम और बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों को पूरी मुस्तैदी के साथ 24 घंटे कार्य जारी रखने और हर पल बदलती स्थिति पर पैनी नजर बनाए रखने का कड़ा निर्देश दिया।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment