बिहार डांस स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में किशनगंज के सार्थक गुप्ता ने मारी बाजी, अब नेशनल में दिखाएंगे दम
किशनगंज के चौथे कक्षा के छात्र सार्थक गुप्ता ने बिहार डांस स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में दूसरा स्थान हासिल कर नेशनल के लिए क्वालीफाई किया है।

बिहार के किशनगंज जिले के एक नन्हे कलाकार ने अपनी प्रतिभा से पूरे राज्य में अपनी पहचान बना ली है। लिटिल क्लाउड स्कूल की चौथी कक्षा में पढ़ने वाले छात्र सार्थक गुप्ता ने बिहार डांस स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया है। डांस स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा खगड़िया जिले में आयोजित इस प्रतियोगिता में सार्थक ने अपनी कला और लय से सभी का दिल जीत लिया।
सार्थक की यह उपलब्धि केवल राज्य स्तर तक सीमित नहीं है। इस प्रतियोगिता में उपविजेता बनकर उन्होंने नेशनल लेवल राउंड के लिए क्वालीफाई कर लिया है। अब वह 22 नवंबर को हरियाणा के सोनीपत में होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप में बिहार राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
परिवार और स्कूल में खुशी की लहर
सार्थक की इस कामयाबी से उनके परिवार और स्कूल में जश्न का माहौल है। उनके पिता राजू गुप्ता ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि सार्थक को बचपन से ही डांस का बहुत शौक रहा है और उसकी मेहनत रंग लाई है। वहीं, लिटिल क्लाउड स्कूल के डायरेक्टर सुजय मिश्रा ने सार्थक को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
स्कूल प्रशासन, शिक्षकों और किशनगंज के स्थानीय निवासियों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताई है। सभी का मानना है कि सार्थक की यह सफलता उसकी कड़ी मेहनत, माता-पिता के अटूट समर्थन और स्कूल के सही मार्गदर्शन का परिणाम है। अब सबकी नजरें सोनीपत में होने वाली नेशनल चैंपियनशिप पर हैं, जहां सार्थक बिहार का मान बढ़ाने उतरेंगे।