भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, जम्मू-कश्मीर पुलिस का वांछित आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग बचाई

एसएसएसबी ने भारत-नेपाल सीमा पर जम्मू-कश्मीर पुलिस के वांछित मुजफ्फर अहमद बेग को गिरफ्तार कर एक नाबालिग लड़की को बचाया।

SHRUTI KUMARI9 November 20262 min read0 viewsDevelopment and good news
भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, जम्मू-कश्मीर पुलिस का वांछित आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग बचाई

भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। भीमनगर चेकपोस्ट पर नियमित जांच के दौरान SSB की 45वीं बटालियन ने जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा वांछित एक अपराधी को धर दबोचा है। इस ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने एक 15 वर्षीय नेपाली नाबालिग लड़की को भी सुरक्षित बचाया है, जिसे आरोपी अपने साथ भारत लाने की कोशिश कर रहा था।

यह पूरी कार्रवाई भीमनगर बॉर्डर आउटपोस्ट की चेकिंग टीम और पूर्णिया सेक्टर मुख्यालय की एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के संयुक्त प्रयासों से संभव हो पाई। जब सुरक्षाकर्मी नियमित डेटा एंट्री और चेकिंग कर रहे थे, तभी उनकी नजर नेपाल से भारत में प्रवेश कर रहे एक व्यक्ति और एक लड़की पर पड़ी। जब सुरक्षाकर्मियों ने संदिग्ध व्यक्ति की पहचान जांची, तो पता चला कि वह जम्मू-कश्मीर पुलिस की हिट लिस्ट में शामिल एक भगोड़ा है।

बाल विवाह और तस्करी का शक

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

पकड़े गए आरोपी की पहचान 34 वर्षीय मुजफ्फर अहमद बेग के रूप में हुई है, जो जम्मू-कश्मीर के बारामूला का रहने वाला है। जांच में यह बात सामने आई कि श्रीनगर के बटमालू पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ मामला (FIR नंबर 133/2026) दर्ज है। पकड़े जाने के बाद पूछताछ में मुजफ्फर ने कबूल किया कि उसने 27 अक्टूबर को नेपाल के सप्तरी जिले की इस 15 साल की लड़की से शादी की थी और अब उसे भारत ले जा रहा था।

जैसे ही सुरक्षा बलों को पता चला कि लड़की नाबालिग है, उसे तुरंत महिला सुरक्षाकर्मियों की कस्टडी में ले लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक आधार कार्ड और 10,500 नेपाली रुपये बरामद हुए, जबकि नाबालिग लड़की के पास से उसका नेपाली जन्म प्रमाण पत्र मिला।

चेकपोस्ट कमांडर केदार चौहान और असिस्टेंट कमांडेंट राहुल कुमार ने इस पूरे मामले में त्वरित कार्रवाई की। इस दौरान NGO 'सर्व प्रयास संस्था' के प्रतिनिधि संजीव कुमार मेहता को भी सूचित किया गया। SSB ने जम्मू-कश्मीर के बटमालू पुलिस स्टेशन से समन्वय कर कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं, जिसके बाद आरोपी, बचाई गई नाबालिग और बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भीमनगर पुलिस को सौंप दिया गया है।

Share:

Comments

Leave a comment