दीपों की रोशनी से जगमगाया सुपौल, धूमधाम से मनाई जा रही दीपावली
सुपौल जिले में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बाजारों में रही रौनक और घरों को दीपों व झालरों से सजाया गया।

बिहार के सुपौल जिले में धन, वैभव और सुख-समृद्धि का प्रतीक दीपावली का महापर्व बेहद हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। शहर से लेकर गांव तक उत्सव का माहौल है और हर तरफ उमंग देखने को मिल रही है। दीपों की जगमगाहट, रंग-बिरंगी सजावट और आतिशबाजी ने पूरे जिले को उत्सव के रंग में रंग दिया है।
दीपावली की तैयारियों को लेकर लोगों में काफी समय पहले से ही उत्साह था। लोगों ने कई दिनों पहले से ही अपने घरों, आंगनों और दुकानों की साफ-सफाई और सजावट शुरू कर दी थी। शनिवार को घरों को बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया, जहां छतों, बालकनियों और दरवाजों पर लगी रंग-बिरंगी बिजली की झालरों ने शाम होते ही पूरे शहर को रोशनी से सराबोर कर दिया। आंगन में जलते दीयों ने खुशियों के इस पर्व की रौनक और बढ़ा दी।
बाजारों में रही रौनक और मां काली की पूजा
त्योहार के चलते बाजारों में दिनभर जबरदस्त चहल-पहल रही। मिठाई, फल, पूजन सामग्री और सजावटी सामानों की दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं, फूल-मालाओं और दीप-बाती की जमकर खरीदारी की। वहीं, बच्चों और युवाओं में पटाखों को लेकर खासा क्रेज देखा गया, जिससे पटाखों की दुकानों पर अच्छी बिक्री हुई।
धार्मिक आयोजनों की बात करें तो जिला मुख्यालय स्थित रेलवे माल गोदाम सहित मलहद में मां काली की पूजा का भव्य आयोजन किया गया है। पूजा पंडालों को बेहद आकर्षक तरीके से सजाया गया है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां काली के दर्शन और पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। पूरे जिले में लोग दीप जलाकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं।