टीएमबीयू के मनोविज्ञान विभाग में इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस का आगाज, भारतीय ज्ञान परंपरा पर जोर

तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आगाज, भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक शिक्षा पर हुई चर्चा।

Ishita Kumari27 November 20262 min read0 viewsDevelopment and good news
टीएमबीयू के मनोविज्ञान विभाग में इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस का आगाज, भारतीय ज्ञान परंपरा पर जोर

तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (TMBU) के स्नातकोत्तर मनोविज्ञान विभाग में शुक्रवार को दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का भव्य शुभारंभ हुआ। 'वैश्विक परिदृश्य' विषय पर आधारित इस कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन साइंस डीन सह प्रभारी कुलपति प्रो. रंजना, एमएलसी डॉ. संजीव कुमार सिंह और अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य-4 के तहत समावेशी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में भारतीय ज्ञान प्रणाली की भूमिका को समझना और उसे रेखांकित करना है।

किताबों की जगह नहीं ले सकते एआई और मेटा: डॉ. संजीव कुमार सिंह

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार विधान परिषद सदस्य डॉ. संजीव कुमार सिंह ने आधुनिक तकनीक और पारंपरिक अध्ययन के बीच के अंतर को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि आज हम ज्ञान को केवल किताबों तक सीमित कर रहे हैं, जबकि असली बुनियाद रामायण, महाभारत और कबीर की वाणी जैसी भारतीय ज्ञान परंपरा में छिपी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि गूगल से जानकारी लेना और किताब पढ़ने में बहुत बड़ा अंतर है; एआई (AI) और मेटा कभी भी पुस्तकों का स्थान नहीं ले सकते। साथ ही उन्होंने अशिक्षा को देश का सबसे बड़ा दुश्मन बताते हुए इसे जड़ से मिटाने की अपील की।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

प्रभारी कुलपति प्रो. रंजना ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक शिक्षा प्रणाली को एक-दूसरे का विरोधी होने के बजाय पूरक बनना चाहिए। वहीं, विभागाध्यक्ष प्रो. लक्ष्मी पाण्डेय और आयोजन सचिव डॉ. सपना ने भारतीय संस्कृति के मूल मंत्र 'वसुधैव कुटुम्बकम्' और 'सर्वे भवन्तु सुखिनः' पर प्रकाश डाला।

सम्मेलन के दौरान कई महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए, जिनमें शामिल थे:

  • मध्य प्रदेश से आए की-नोट स्पीकर डॉ. आयुष गुप्ता ने प्राचीन ऋषियों के आध्यात्मिक ज्ञान और सतत विकास लक्ष्यों पर चर्चा की।
  • वर्धा हिंदी विश्वविद्यालय के डॉ. मिथिलेश तिवारी ने शिक्षा को मनुष्य निर्माण की प्रक्रिया बताया।
  • प्रो. अरुण कुमार सिंह ने नई शिक्षा नीति (NEP-2020) और चरित्र निर्माण के महत्व पर बल दिया।
  • पूर्व कुलपति प्रो. अवध किशोर राय और प्रो. नीलाम्बुज किशोर वर्मा ने वैदिक ज्ञान के संरक्षण और आत्म-विकास की आवश्यकता बताई।

इस अवसर पर शोधार्थियों और शिक्षकों के लेखों का एक 'सोवेनियर' भी जारी किया गया। उद्घाटन सत्र के बाद तीन तकनीकी सत्र हुए, जिनमें दर्जनों शोधार्थियों ने अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का समापन छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ।

Share:

Comments

Leave a comment