भागलपुर में तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के इंडोर स्टेडियम में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल दिवस स्पोर्ट्स ओरिएंटेशन इवेंट का समापन समारोह रविवार को संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति ने एक बड़ी घोषणा की जिससे खिलाड़ियों को सीधा फायदा मिलेगा।
खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण बातें:
- अंतर-विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिताओं में स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों की फीस माफ होगी।
- यह आयोजन स्पोर्ट्स काउंसिल एवं एनएसएस के संयुक्त तत्वावधान में हुआ था।
- कार्यक्रम 28 से 30 अगस्त तक खेलेगा भारत, जीतेगा भारत थीम के तहत आयोजित हुआ था।
- समापन समारोह में विजेताओं को पदक और प्रमाण-पत्र दिए गए।
भागलपुर, 30 अगस्त। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के इंडोर स्टेडियम में स्पोर्ट्स काउंसिल एवं एनएसएस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय 'राष्ट्रीय खेल दिवस स्पोर्ट्स ओरिएंटेशन इवेंट' का समापन समारोह रविवार को गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। समारोह के अध्यक्षीय संबोधन के दौरान माननीय कुलपति ने विश्वविद्यालय में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक ऐतिहासिक घोषणा की।
कुलपति ने कहा कि अंतर-विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व कर स्थान हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं की पूरी फीस माफ की जाएगी। इस कदम का उद्देश्य प्रतिभाशाली एथलीटों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करना है।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा राज्यपाल सचिवालय बिहार के निर्देशानुसार, 28 से 30 अगस्त तक खेलेगा भारत, जीतेगा भारत थीम एवं एक घंटा खेल के मैदान में संदेश के साथ विश्वविद्यालय एवं इसके संबद्ध महाविद्यालयों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के इंडोर स्टेडियम में आयोजित समापन समारोह में
माननीय कुलपति एवं अन्य अतिथियों द्वारा विजेताओं व उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम्, राष्ट्रगान और विश्वविद्यालय कुलगीत से हुई। इसके उपरांत बिहार गीत प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के समापन पर कुलपति ने इंडोर हॉल में बैडमिंटन सर्व कर एथलीटों का उत्साहवर्धन किया और उनसे सीधे बातचीत की। इस अवसर पर छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष, कुलसचिव, कुलानुशासक, वित्त पदाधिकारी, स्पोर्ट्स काउंसिल सचिव और एनएसएस के समन्वयक, आयोजन समिति के सदस्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र एवं खिलाड़ी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ राहुल ने जबकि स्वागत भाषण और आभार डा संजय जयसवाल ने किया।