विक्रमशिला-कटारिया ब्रिज अब होगा डबल डेकर, ऊपर फोरलेन सड़क और नीचे दौड़ेगी ट्रेन
भागलपुर के विक्रमशिला-कटारिया ब्रिज को अब डबल डेकर डिजाइन से बनाया जाएगा। ऊपर फोर लेन सड़क और नीचे रेल लाइन होगी।

बिहार के भागलपुर में विकास की एक बड़ी तस्वीर उभरने जा रही है। गंगा नदी पर प्रस्तावित विक्रमशिला-कटारिया रेल-रोड ब्रिज अब एक साधारण पुल नहीं, बल्कि एक आधुनिक डबल डेकर स्ट्रक्चर के रूप में बनाया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपनी आधिकारिक मंजूरी दे दी है, जबकि सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने पहले ही इसे सैद्धांतिक सहमति दे दी थी।
इस पुल की सबसे बड़ी खासियत इसका डिजाइन होगा। पुल के निचले हिस्से (लोअर डेक) में रेल की पटरियां बिछाई जाएंगी, जबकि ऊपरी हिस्से (अपर लेवल) पर चार लेन की चौड़ी सड़क होगी। गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे के अनुसार, यह मॉडल मुंगेर-मोकोमा पुल की तर्ज पर तैयार किया गया है और यह भागलपुर का पहला ऐसा रेल-सह-सड़क पुल होगा। इस पूरे प्रोजेक्ट को तीन साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
लागत और बुनियादी ढांचे का ब्यौरा
पैसे और निर्माण की बात करें तो रेल प्रोजेक्ट की शुरुआती लागत 2,178 करोड़ से 2,549 करोड़ रुपये के बीच आंकी गई थी। अब फोरलेन सड़क जुड़ने से इसमें करीब 2,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा, जिसमें सड़क पुल का आधा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। कहलगांव के बटेश्वर स्थान के पास बनने वाला यह मुख्य स्टील ट्रस ब्रिज लगभग 2.44 किलोमीटर लंबा होगा।
रेलवे कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए विक्रमशिला और कटारिया स्टेशनों के बीच 26.23 किलोमीटर की डबल रेल लाइन बिछाई जाएगी। इसके लिए कहलगांव, रंगरा और गोपालपुर इलाकों में करीब 421 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा।
इस पुल के बनने से न केवल मौजूदा विक्रमशिला सेतु पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा, बल्कि उत्तर बिहार के कोसी और सीमांचल क्षेत्रों का सीधा संपर्क NH-31, NH-80 और मिर्जाचौकी ग्रीनफील्ड फोरलेन हाईवे से हो जाएगा। इससे झारखंड के गोड्डा, दुमका और देवघर तक पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा। यह पुल भागलपुर में गंगा पर बनने वाला चौथा सड़क पुल होगा, जो क्षेत्र के आर्थिक विकास और लॉजिस्टिक्स में मील का पत्थर साबित होगा।