बिहार के लोगों के लिए एक जरूरी खबर है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त लोकेश कुमार सिंह ने राज्य भर में ‘हम-तुम क्रैकर्स’ (Hum-Tum Crackers) की बिक्री, निर्माण और भंडारण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। यह बिस्कुट Sobisco ब्रांड का है और इसे M/s Sona Biscuits Limited बनाती है। जांच में सामने आया है कि इस बिस्कुट में केमिकल की मात्रा तय सीमा से कई गुना ज्यादा है, जो सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। फिलहाल यह पाबंदी 15 दिनों के लिए लगाई गई है।

बिस्कुट में क्या खराबी मिली है?

गाजियाबाद की नेशनल फूड लैब में हुई जांच में इस बिस्कुट के अंदर सल्फाइट (Sulfite) की मात्रा खतरनाक स्तर पर पाई गई है। FSSAI के मानकों के मुताबिक खाने की चीजों में सल्फाइट 350 mg/kg से ज्यादा नहीं होना चाहिए, लेकिन ‘हम-तुम’ बिस्कुट के सैंपल में यह मात्रा 1100 से 1400 mg/kg तक मिली है। यह सामान्य से तीन से चार गुना ज्यादा है।

इसकी शुरुआत जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग से हुई थी, जहां यह प्रोडक्ट जांच में फेल हुआ था। इसके बाद बिहार के पटना, भागलपुर, हाजीपुर, पूर्णिया, सासाराम और खगड़िया से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए थे, जहां रिपोर्ट में इसे खाने के लिए असुरक्षित पाया गया।

सेहत पर क्या असर पड़ सकता है?

इतनी भारी मात्रा में सल्फाइट का सेवन शरीर के लिए जहर के समान काम कर सकता है। डॉक्टर्स और विशेषज्ञों के अनुसार, इसके सेवन से कई तरह की परेशानियां हो सकती हैं:

  • बच्चों और बड़ों में अस्थमा (Asthma) का अटैक आ सकता है।
  • सांस लेने में गंभीर दिक्कत हो सकती है।
  • पेट में तेज दर्द और सिरदर्द की शिकायत हो सकती है।
  • स्किन पर एलर्जी, खुजली और चकत्ते पड़ सकते हैं।

दुकानदारों और कंपनी पर क्या एक्शन हुआ?

बिहार सरकार ने कंपनी को आदेश दिया है कि वह बाजार में मौजूद अपना सारा स्टॉक तुरंत वापस मंगवाए। सभी जिलों के डीएम (DM) और एसपी (SP) को निर्देश दिया गया है कि वे अपने इलाकों में सख्ती बरतें। अगर कोई दुकानदार इसे बेचते हुए पकड़ा जाता है, तो उस पर फूड सेफ्टी एक्ट 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हाजीपुर, पूर्णिया और पश्चिम बंगाल में स्थित फैक्ट्री यूनिट्स को भी नोटिस भेज दिया गया है। आम जनता को सलाह दी गई है कि अगर उन्होंने यह बिस्कुट खरीदा है, तो उसे न खाएं और नष्ट कर दें।


Puja Kanjani Covers Bhagalpur Local Updates and Bihar Level Important News. Ex Jagran Media and IndiaTV Journalist.

Leave a comment