भागलपुर जिले के नारायणपुर प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय दुधैला में पिछले 35 दिनों से बच्चों को मिड-डे मील नहीं मिल रहा है। विभागीय लापरवाही और प्रभारी को लेकर चल रहे विवाद के कारण स्कूल में पढ़ने वाले 40 से 50 बच्चे हर दिन भूखे घर लौटने पर मजबूर हैं। बच्चों को आखिरी बार 17 दिसंबर को मिड-डे मील मिला था।

हेडमास्टर के निलंबन से बिगड़ी व्यवस्था

स्कूल की प्रधानाध्यापिका रिंकू कुमारी को विभाग ने निलंबित कर रंगरा चौक स्थानांतरित कर दिया था। इसके बाद से स्कूल की प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह से प्रभावित हो गई। किसी भी शिक्षक द्वारा मिड-डे मील का प्रभार नहीं लेने के कारण इसका संचालन ठप पड़ गया है।

प्रभार लेने से इनकार और स्पष्टीकरण

प्रधानाध्यापिका के निलंबन के बाद विभाग ने वरिष्ठ शिक्षक अरुण कुमार मंडल को स्कूल का प्रभार सौंपने का निर्देश दिया था। हालांकि, उन्होंने प्रभार लेने में अपनी असमर्थता जताई। इस मामले में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने 13 जनवरी को अरुण कुमार मंडल से प्रभार नहीं लेने को लेकर स्पष्टीकरण मांगा था, लेकिन स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

विभागीय कार्रवाई की रिपोर्ट भेजी गई

डीपीओ एमडीएम बबीता कुमारी ने बताया कि मध्य विद्यालय दुधैला की मौजूदा स्थिति के बारे में विभाग को पत्र भेजकर अवगत करा दिया गया है। अब इस मामले में विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी। बच्चों को फिर से भोजन कब से मिलेगा, इस पर अभी कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया है।

Leave a comment