अहमदाबाद में जून 2025 में हुए एयर इंडिया फ्लाइट 171 (AI171) हादसे को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। हाल ही में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि जांच पूरी हो गई है और हादसे का कारण भी पता चल गया है। लेकिन भारत के विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने इन खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। 12 फरवरी 2026 को जारी बयान में AAIB ने साफ किया कि अभी फाइनल रिपोर्ट नहीं आई है और चल रही अटकलें सही नहीं हैं।
मीडिया में क्या दावा किया गया था?
मामला तब गरमाया जब इटली के अखबार Corriere della Sera ने एक रिपोर्ट छापी। इसमें सूत्रों के हवाले से कहा गया कि जांचकर्ताओं को लगता है कि यह कोई तकनीकी खराबी नहीं थी। रिपोर्ट में दावा किया गया कि कॉकपिट में मौजूद फ्यूल स्विच को ‘RUN’ से ‘CUTOFF’ पर जानबूझकर किया गया था।
इसका मतलब यह निकाला जा रहा था कि शायद पायलट ने खुद इंजन बंद किए थे। इस दावे ने पूरे एविएशन जगत में हलचल मचा दी है। हालांकि, AAIB ने इसे ‘अनुमान’ बताकर खारिज कर दिया है और कहा है कि अभी किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
पायलट संघ और परिवारों ने जताई नाराजगी
जानबूझकर इंजन बंद करने वाली थ्योरी पर पायलट एसोसिएशन्स और दिवंगत कैप्टन सुमीत सभरवाल के परिवार ने कड़ा ऐतराज जताया है। उनका कहना है कि बिना पक्के सबूत के पायलट पर आरोप लगाना गलत है।
परिवार और पायलट संघ मांग कर रहे हैं कि जांच में तकनीकी पहलुओं पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने एयरक्रॉफ्ट बनाने वाली कंपनी Boeing और एयर इंडिया से भी ज्यादा पारदर्शिता बरतने को कहा है। साथ ही कॉकपिट की ऑडियो रिकॉर्डिंग को साफ करके सुनाने की मांग भी उठ रही है ताकि सच्चाई सबके सामने आ सके।
हादसे से जुड़ी मुख्य बातें
यह हादसा 12 जून 2025 को हुआ था जब एयर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर अहमदाबाद से लंदन जा रहा था। टेकऑफ के महज 30-40 सेकंड के अंदर ही यह बी.जे. मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल ब्लॉक पर गिर गया था। इसमें कुल 260 लोगों की जान गई थी, जिनमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल थे।
| तारीख | 12 जून 2025 |
| विमान | Air India Flight 171 (Boeing 787) |
| कुल मौतें | 260 (241 विमान में, 19 जमीन पर) |
| जीवित बचा | केवल 1 (विश्वास कुमार रमेश) |
| शुरुआती जांच | फ्यूल स्विच बंद होने से इंजन बंद हुए थे |






