भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित नयागांव पंचायत में पिछले पांच दिनों में एक अजीब और डरावनी घटना देखने को मिल रही है। यहाँ अलग-अलग जगहों पर 100 से ज्यादा कौवे अचानक मृत पाए गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, कौवे पेड़ों पर बैठे-बैठे अचानक जमीन पर गिर रहे हैं और उनकी मौत हो जा रही है। इस घटना के बाद से गांव में बर्ड फ्लू को लेकर डर का माहौल बना हुआ है।
ℹ: NH-31 पर तेज रफ्तार हाइवा ने पुलिस गाड़ी को मारी टक्कर, हादसे में तीन जवान घायल।
मुखिया ने दी सूचना, अब तक नहीं पहुंची टीम
नयागांव पंचायत के मुखिया संजीव कुमार ने इस मामले की जानकारी तुरंत प्रशासन को दी है। उन्होंने पशुपालन विभाग और स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया कि गांव में बड़ी संख्या में पक्षियों की जान जा रही है। गांव वालों में इस बात को लेकर काफी नाराजगी है कि खबर देने के बाद भी शनिवार शाम तक कोई भी मेडिकल टीम या एक्सपर्ट जांच के लिए मौके पर नहीं पहुंचे।
स्पेशल ब्रांच के कुछ अधिकारियों ने गांव का दौरा किया और प्रतिनिधियों से बात की, लेकिन उन्होंने कोई सैंपल नहीं लिया। उनका काम फिलहाल सिर्फ जानकारी इकट्ठा करना था। वैज्ञानिक जांच न होने के कारण अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि इन मौतों का असली कारण क्या है।
बर्ड फ्लू की आशंका और जरूरी सावधानी
भागलपुर के ही नौगछिया इलाके में कुछ समय पहले बर्ड फ्लू (H5N1) की पुष्टि हुई थी, जहाँ 150 से ज्यादा कौवे मरे थे। अब सुल्तानगंज में वैसी ही स्थिति देखकर लोग सहमे हुए हैं। जानकारों का कहना है कि यह बर्ड फ्लू का प्रसार हो सकता है, हालांकि अभी लैब रिपोर्ट आना बाकी है।
प्रशासन ने आम लोगों के लिए कुछ जरूरी सलाह जारी की है:
- मरे हुए पक्षियों को नंगे हाथों से बिल्कुल न छुएं।
- अगर कहीं पक्षी मरा मिले तो तुरंत स्थानीय पशु चिकित्सक को खबर करें।
- मृत पक्षियों को खुले में फेंकने के बजाय गहरा गड्ढा खोदकर दफना दें।






