भागलपुर जिले में सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान दो अलग-अलग जगहों पर हुई हिंसक घटनाओं ने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है। लोदीपुर थाना क्षेत्र में देर रात मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए विवाद में बमबाजी की घटना सामने आई है, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरी तरफ, मायागंज अस्पताल (JLNMCH) के नर्सिंग छात्रों के बीच भी जमकर मारपीट हुई है।

लोदीपुर में कैसे शुरू हुआ विवाद?

घटना लोदीपुर थाना क्षेत्र के गौराही हरिओ वार्ड नंबर 14 की है। जानकारी के मुताबिक, रात करीब 11.30 बजे सरस्वती पूजा की मूर्ति विसर्जन के लिए जा रही थी। इस दौरान डीजे बजाने और रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। यह विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट और फिर बमबाजी तक पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि अचानक दो बार बम से हमला किया गया, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई।

घायलों की पहचान और स्थिति

बमबाजी की इस घटना में चार लोग बुरी तरह घायल हुए हैं। सभी को आनन-फानन में मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल गौतम कुमार ने बताया कि डीजे गाड़ी पास में खड़ी थी, तभी अचानक विस्फोट हुआ।

नाम उम्र चोट का विवरण
नीरज कुमार 22 वर्ष पैर बुरी तरह जख्मी
गौतम कुमार 25 वर्ष कमर में गंभीर चोट
मेघु मंडल 55 वर्ष कमर और पैर झुलसे
छोटू कुमार 18 वर्ष मुंह में जख्म

नर्सिंग छात्रों के बीच भी हुई मारपीट

इधर, जेएलएनएमसीएच (JLNMCH) नर्सिंग कॉलेज के छात्रों के बीच भी सरस्वती पूजा को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना में दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं 4 से 5 अन्य छात्रों को हल्की चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही बरारी थाना अध्यक्ष बिट्टू कुमार कमल मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमोद कुमार यादव खुद मायागंज अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। घटना के बाद सिटी डीएसपी और लोदीपुर थानाध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर कैंप कर रहा है। पुलिस का कहना है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और बमबाजी में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

Leave a comment