भागलपुर के मुंडीचक इलाके में एक अजीबोगरीब चोरी की घटना सामने आई है। जीसी बनर्जी रोड स्थित मां वैष्णो मंदिर में देर रात एक चोर ने हाथ साफ कर दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि चोरी करने से पहले इस अनजान शख्स ने मंदिर के बाहर पैर धोए और भगवान को प्रणाम किया। इसके बाद उसने मंदिर का ताला तोड़ा और इनवर्टर की बैटरी चुराकर फरार हो गया। तिलकामांझी पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

मंदिर कमेटी के अध्यक्ष अजीत शेखर सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि घटना शनिवार देर रात 1 बजे से 2 बजे के बीच की है। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि चोर बड़े ही आराम से मंदिर के पास पहुंचा। उसने पहले अपने पैर धोए और फिर मंदिर के गेट पर झुककर प्रणाम किया। यह सब करने के बाद उसने ताला तोड़ा और बैटरी लेकर निकल गया। हालांकि अंधेरा और धुंधला फुटेज होने के कारण चोर का चेहरा साफ नहीं दिख रहा है।

पुलिस कर रही है चोर की तलाश

तिलकामांझी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास की दुकानों और मकानों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाल रही है ताकि चोर के भागने के रास्ते का पता चल सके। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस तरह की घटना से वे डरे हुए हैं। लोगों ने एसएसपी से मांग की है कि रात के समय मुंडीचक इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके। चोरी गई बैटरी की कीमत करीब 12 से 18 हजार रुपये बताई जा रही है।

Leave a comment