भागलपुर शहर में जाम की समस्या को कम करने के लिए एक बड़ी पहल की गई है। काफी समय से लोग भोलानाथ फ्लाईओवर से इशाकचक और डिक्शन रोड की तरफ रास्ता निकालने की मांग कर रहे थे। अब बिहार राज्य पुल निर्माण निगम (BRPNNL) ने इस दिशा में कदम बढ़ा दिया है। निगम ने इन दोनों जगहों के लिए एप्रोच रोड (पहुंच पथ) बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है, जिसकी अनुमानित लागत 81.88 करोड़ रुपये बताई गई है।
🗞️: भागलपुर में सड़क घेरने वालों पर चला प्रशासन का डंडा, एक दिन में वसूला 12.5 हजार जुर्माना।
जमीन अधिग्रहण और तकनीकी सर्वे पर अपडेट
इस प्रोजेक्ट के लिए एक प्राइमरी प्रपोजल रिपोर्ट (PPR) बनाकर मुख्यालय को भेज दी गई है। वहां से डीपीआर (DPR) की मंजूरी मिलते ही आगे का काम शुरू होगा। हाल ही में एक तकनीकी टीम ने साइट का निरीक्षण किया और डीपीआर कंसल्टेंट ने सर्वे भी पूरा कर लिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह प्रोजेक्ट तकनीकी रूप से संभव है और इसे धरातल पर उतारा जा सकता है।
अधिकारियों का कहना है कि डिक्शन रोड और इशाकचक की तरफ रास्ता बनाने के लिए कुछ जगहों पर जमीन का अधिग्रहण करना पड़ेगा। सर्वे के आधार पर सड़क की चौड़ाई लगभग 4.6 मीटर रखने का विचार है, हालांकि सड़क की पक्की चौड़ाई का अंतिम फैसला फाइनल डीपीआर में ही तय होगा।
लोहिया पुल से जुड़ेगी सड़क, मिलेगी राहत
डिक्शन रोड की तरफ बनने वाला एप्रोच रोड सीधा लोहिया पुल से जुड़ जाएगा। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि भोलानाथ रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले भारी जाम से लोगों को नहीं जूझना पड़ेगा। सीनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर ज्ञान चंद्र दास ने बताया कि मुख्यालय द्वारा पूछी गई तकनीकी जानकारियों का जवाब भेजा जा रहा है। मंजूरी मिलते ही फाइनल डीपीआर तैयार करके निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।






