पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है और इसका असर बिहार में भी महसूस हो रहा है। राजधानी पटना सहित कई जिलों में मेघगर्जन के साथ बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान के अनुसार गुरुवार को भी बिहार के अधिकांश जिलों में बारिश देखने को मिल सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक एसके पटेल ने बताया कि 21 फरवरी को सबसे अधिक बारिश गोपालगंज में हुई, जो कि 30.5 मिमी रही। यह बारिश रबी फसल के लिए फायदेमंद है, लेकिन इसके बाद की संभावित मौसम की स्थिति में नुकसान की संभावना है।

22 फरवरी को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुज़फ्फरपुर, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई में बारिश जैसी स्थिति बनी हुई है। इन जिलों में आज मेघगर्जन के साथ बारिश हो सकती है, इसके लिए मौसम विज्ञान केंद्र ने येलो अलर्ट जारी किया है।

बारिश के दौरान तापमान में गिरावट और बारिश के बाद मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। आंकड़ों के अनुसार अगले 5 दिनों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है, लेकिन अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 2-4 °C की गिरावट होने का पूर्वानुमान है। आज की बात करें तो बिहार का अधिकतम तापमान 24°C से 28°C के बीच और न्यूनतम तापमान 14°C से 16°C के बीच रहने की संभावना है।


Puja Kanjani Covers Bhagalpur Local Updates and Bihar Level Important News. Ex Jagran Media and IndiaTV Journalist.

Leave a comment