बिहार और ओडिशा के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। दोनों राज्यों के बीच 24 नए बस रूटों पर बसों का परिचालन शुरू होने वाला है। इसमें झारखंड के रास्ते कई महत्वपूर्ण शहर भी जुड़ेंगे, जिससे आम लोगों को आवाजाही में काफी सुविधा मिलेगी।
भागलपुर-सुल्तानगंज के लिए भी नई कनेक्टिविटी
इन नए रूटों में भागलपुर और सुल्तानगंज के यात्रियों के लिए भी एक खास रूट शामिल किया गया है। ब्रह्मपुर से सुल्तानगंज के लिए बसें बोकारो और धनबाद के रास्ते चलेंगी। इससे भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को ओडिशा के ब्रह्मपुर से जुड़ने का सीधा विकल्प मिलेगा।
कौन से प्रमुख शहर जुड़ेंगे?
इन 24 नए रूटों से बिहार, झारखंड और ओडिशा के कई बड़े और छोटे शहर आपस में जुड़ जाएंगे। इसमें बारीपाड़ा से रांची-हजारीबाग, ब्रह्मपुर से औरंगाबाद वाया जमशेदपुर-रांची, भुवनेश्वर से बिहारशरीफ, बोनायगढ़ से रानीगंज, झारसुगुड़ा से हाजीपुर, पटना, सीवान और पूर्णिया जैसे रूट शामिल हैं।
ओडिशा के बड़े शहरों से बिहार का जुड़ाव
न सिर्फ भागलपुर, बल्कि पुरी से पटना वाया रांची-हजारीबाग, राउरकेला से बक्सर, राउरकेला से मुजफ्फरपुर, राउरकेला से आरा और राउरकेला से सीवान जैसे महत्वपूर्ण रूट भी शुरू होंगे। इससे ओडिशा के प्रमुख पर्यटन और औद्योगिक शहरों से बिहार के विभिन्न जिलों तक पहुंच आसान हो जाएगी। टापरिया से छपरा वाया पटना रूट भी इन नई सेवाओं का हिस्सा होगा।






