बिहार के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। परिवहन विभाग ने बिहार से सटे पांच राज्यों के लिए बस सेवा विस्तार करने की पूरी तैयारी कर ली है। अब उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ जाने के लिए लोगों को ट्रेनों में धक्के नहीं खाने पड़ेंगे। विभाग ने इन राज्यों के 346 रूटों पर बसों के परिचालन के लिए परमिट आवेदन मांगे हैं। होली और ईद जैसे त्योहारों पर घर जाने वाले लोगों को इससे बड़ी सुविधा मिलेगी और सफर आसान हो जाएगा।

किन शहरों के लिए मिलेगी बस सेवा?

विभाग द्वारा जारी लिस्ट के मुताबिक सबसे ज्यादा बसें झारखंड के लिए चलेंगी। भागलपुर, पटना, गया और मुजफ्फरपुर से रांची, टाटा, हजारीबाग और धनबाद के लिए सीधी बस सेवा होगी। पश्चिम बंगाल जाने वाले यात्रियों के लिए रक्सौल से सिलीगुड़ी और भागलपुर से कोलकाता के लिए बसें मिलेंगी। ओडिशा जाने वालों के लिए पुरी और भुवनेश्वर का सफर आसान होगा। वहीं यूपी के वाराणसी और लखनऊ के लिए भी सीधी गाड़ियां उपलब्ध होंगी।

पड़ोसी राज्य रूटों की संख्या प्रमुख शहर
झारखंड 200 रांची, टाटा, धनबाद
पश्चिम बंगाल 45 कोलकाता, सिलीगुड़ी
ओडिशा 39 पुरी, भुवनेश्वर
उत्तर प्रदेश 34 वाराणसी, लखनऊ
छत्तीसगढ़ 28 अंबिकापुर, कोरबा

आवेदन की तारीख और नियम क्या हैं?

बस मालिकों को परमिट प्राप्त करने के लिए 24 फरवरी तक आवेदन करना होगा। आवेदकों को पहले ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा और उसके बाद हार्ड कॉपी विभाग में जमा करनी होगी। होली और ईद के मौके पर भीड़ को देखते हुए 23 फरवरी से 23 मार्च तक स्पेशल बसें चलाने का भी इंतजाम किया गया है। नियमों के मुताबिक, इन रूटों पर चलने वाली गाड़ियां प्रदूषण मानकों पर खरी उतरनी चाहिए और बसों में दिव्यांगजनों के लिए आगे की दो सीटें आरक्षित रखना अनिवार्य होगा।


Puja Kanjani Covers Bhagalpur Local Updates and Bihar Level Important News. Ex Jagran Media and IndiaTV Journalist.

Leave a comment