बिहार में ठंड का असर अभी खत्म नहीं हुआ है। मौसम विभाग (IMD) ने 1 फरवरी 2026 के लिए राज्य के कई हिस्सों में येलो अलर्ट जारी कर दिया है। पछुआ हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के कारण कनकनी बनी रहेगी। लोगों को सुबह और रात के समय घने कोहरे का सामना करना पड़ सकता है, जिससे यातायात पर भी असर पड़ने की संभावना है।

खबर में पढ़िए: Good News: बिहार इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी का नया कैंपस अप्रैल तक होगा तैयार, मात्र 120 रुपये में होगी पढ़ाई

किन जिलों में मौसम विभाग ने दी है चेतावनी?

IMD ने बिहार के करीब 12 से 15 जिलों में येलो अलर्ट दिया है। इसमें सीवान, हाजीपुर (वैशाली), मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सारण, समस्तीपुर, दरभंगा, शिवहर, सीतामढ़ी और मधुबनी शामिल हैं। इन इलाकों में सुबह के समय दृश्यता (Visibility) 50 मीटर से भी कम रह सकती है।

ठंडी पछुआ हवाएं 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की उम्मीद है। हवा की रफ्तार तेज होने के कारण दिन में धूप निकलने के बाद भी लोगों को कनकनी महसूस होती रहेगी। कोहरे के कारण सुबह सड़क पर गाड़ी चलाने वालों को सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।

बारिश और परीक्षा को लेकर क्या है अपडेट?

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 2 फरवरी 2026 से शुरू हो रही हैं। परीक्षार्थियों को ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनने और कोहरे को देखते हुए समय से पहले सेंटर पहुंचने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने के निर्देश भी दिए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 3 फरवरी को मौसम का मिजाज थोड़ा बदल सकता है। दक्षिण बिहार के बक्सर, कैमूर, भोजपुर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल जैसे जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने के आसार हैं। हिमालयी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी का असर बिहार के मैदानी इलाकों में तापमान गिराकर दिखा रहा है।

Leave a comment