bihar weather, bihar weather update, bihar news

पटना : देश में मौसम का प्रभाव लगातार बदलता जा रहा है। कई राज्यों में मौसम में बदलाव के साथ ही अब बिहार में कोहरे के साथ ठंड की दस्तक बढ़ गई है। कड़ाके की ठंड के साथ ही शीतलहर चलने का भी पूर्वानुमान जारी किया गया है। तेज पछुआ हवा के साथ ही तापमान में 5 डिग्री की गिरावट रिकॉर्ड की गई है।

नए साल की शुरुआत पटना सहित पूरे बिहार में कोहरे के साथ हुई। बिहार के लोगों को कड़ाके की ठंड ने परेशान किया। हालांकि दोपहर में धूप निकलने से थोड़ी राहत महसूस हुई। मौसम विभाग के अनुसार, 1 जनवरी से 5 जनवरी के बीच बिहार के अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना है।

तीन, चार और पांच जनवरी को कई जगहों पर बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जिसमें पटना, बक्सर, आरा, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, और जहानाबाद शामिल हैं।

तापमान में गिरावट

तेज पछुआ की वजह से पटना सहित 25 शहरों में न्यूनतम तापमान में कमी हुई है। जिससे सुबह और शाम में ठंड बढ़ गई है। अधिकतम तापमान में गिरावट औरंगाबाद में दर्ज की गई, जहां रविवार को 5.6 डिग्री पारा नीचे आया। डेहरी में चार डिग्री की गिरावट भी हुई। कुछ शहरों में धूप निकलने से तापमान तेजी से ऊपर आया है।

अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार इस हफ्ते कुछ जगहों पर शीत दिवस के हालात बन सकते हैं। अधिकतर जिलों में कोहरा कम हो रहा है। गया में न्यूनतम पारा 8.6 डिग्री, औरंगाबाद 8.4, डेहरी 8.5 डिग्री, बक्सर 7.4 डिग्री, मोतिहारी 9.5 डिग्री, और सबौर का 8.8 डिग्री रहा।

पटना का तापमान

पटना के न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री की कमी आई, पर अधिकतम तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। धूप निखरने से विमान और रेल सेवाओं में आंशिक सुधार हुआ है। सोमवार को राजधानी के अधिकतम तापमान में 5.4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, और पटना का अधिकतम तापमान 18.9 डिग्री और न्यूनतम 10.7 डिग्री रहा।


Puja Kanjani Covers Bhagalpur Local Updates and Bihar Level Important News. Ex Jagran Media and IndiaTV Journalist.

Leave a comment