पूर्वी भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा की योजना बना रहे लोगों के लिए रेलवे ने एक खास टूर पैकेज तैयार किया है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) ने भारत गौरव डीलक्स टूरिस्ट ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह विशेष ट्रेन 9 मार्च 2026 को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू करेगी। इस 10 दिनों की यात्रा में श्रद्धालुओं को वाराणसी, कोलकाता, पुरी और देवघर जैसे पवित्र स्थानों के दर्शन कराए जाएंगे।
किन जगहों पर जाएगी यह ट्रेन
यह पूरी यात्रा 9 रात और 10 दिनों की होगी। ट्रेन दिल्ली से चलकर उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड के रास्तों से गुजरेगी। इस टूर में यात्रियों को वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर और गंगा आरती, कोलकाता में कालीघाट और विक्टोरिया मेमोरियल, गंगासागर में पवित्र स्नान, पुरी में जगन्नाथ मंदिर, भुवनेश्वर, कोणार्क का सूर्य मंदिर और चिल्का झील की सैर कराई जाएगी। वापसी में झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन भी शामिल हैं। यात्री दिल्ली के अलावा गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली और लखनऊ से भी ट्रेन में बैठ सकते हैं।
किराया और मिलने वाली सुविधाएं
इस लग्जरी ट्रेन में यात्रा के लिए तीन श्रेणियां बनाई गई हैं। पैकेज की कीमत में ट्रेन का किराया, एसी होटलों में रुकना, तीनों समय का शुद्ध शाकाहारी भोजन, घूमने के लिए एसी बस और ट्रैवल इंश्योरेंस शामिल है। सरकारी कर्मचारी इस यात्रा पर एलटीसी (LTC) की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। टिकट बुकिंग के लिए किस्तों में भुगतान (EMI) का विकल्प भी दिया गया है। ट्रेन में कुल 150 यात्रियों के जाने की ही व्यवस्था है, इसलिए बुकिंग पहले आओ पहले पाओ के आधार पर होगी।
| क्लास (Class) | किराया (प्रति व्यक्ति) |
|---|---|
| 3AC Class | ₹79,285 से शुरू |
| 2AC Class | ₹98,925 से शुरू |
| 1AC Class | ₹1,06,940 से शुरू |






