बिहार के मधेपुरा में पुलिस की लापरवाही का एक मामला सामने आया है जहां अपराधी को वीआईपी ट्रीटमेंट देना भारी पड़ गया। शंकरपुर थाना क्षेत्र के एक कुख्यात अपराधी को पेशी पर ले जाते समय पुलिसकर्मियों ने न केवल निजी गाड़ी का इस्तेमाल किया, बल्कि उसे होटल में खाना भी खिलाया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसपी ने कड़ा एक्शन लिया है।

एसपी ने किन पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड?

मधेपुरा एसपी संदीप सिंह ने वायरल वीडियो की जांच के बाद तत्काल प्रभाव से तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। एसडीपीओ की जांच रिपोर्ट में दोषी पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है। सस्पेंड होने वालों में निम्नलिखित शामिल हैं:

  • सहायक अवर निरीक्षक (ASI) रामउदय कुमार (शंकरपुर थाना)
  • चौकीदार अनिल कुमार
  • चौकीदार मो. रसूल

एसपी ने इन तीनों पुलिसकर्मियों से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण (Show Cause) भी मांगा है और विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

क्या था उस वायरल वीडियो में?

यह मामला शंकरपुर थाना क्षेत्र के अपराधी अंकज कुमार उर्फ लल्लू यादव से जुड़ा है। लल्लू यादव पर राम बाबू हत्याकांड और लूट जैसे गंभीर आरोप हैं। गिरफ्तारी के बाद जब उसे कोर्ट ले जाया जा रहा था, तो पुलिस सरकारी गाड़ी के बजाय एक निजी उजले रंग की गाड़ी का इस्तेमाल कर रही थी। वीडियो में अपराधी हथकड़ी पहने हुए पुलिसवालों के साथ एक होटल में मजे से खाना खाते हुए देखा गया। पुलिस कस्टडी में रील बनाने और होटल में खाना खाने को एसपी ने गंभीर अनुशासनहीनता माना है और इसे पुलिस की छवि खराब करने वाला बताया है।


A Local From Tilkamanjhi, Bhagalpur. I am covering Hyperlocal Bhagalpur and Bihar Important News.

Leave a comment