भागलपुर में मुस्लिम हाई स्कूल के पीछे एकचारी और अजगैबीनाथ धाम (सुल्तानगंज) में रेल ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण के लिए एजेंसी का चयन कर वर्क आर्डर जारी कर दिया गया है। हालांकि, वर्क आर्डर जारी होने के सात माह बाद भी मुस्लिम हाई स्कूल और एकचारी के पास आरओबी निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो सका है, जबकि अजगैबीनाथ धाम में करीब 15 दिन पहले काम शुरू कर दिया गया था।
250 करोड़ की लागत से बनेगा आरओबी
रेलवे द्वारा करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से दो लेन के इन आरओबी का निर्माण कराया जाएगा। इससे लोगों को जाम से राहत मिलेगी और आवागमन सुगम होगा। ट्रेनों के गुजरने के दौरान 25-30 मिनट तक इंतजार की समस्या खत्म होगी। रेलवे हिस्से में आरओबी की ऊंचाई कम से कम 12 मीटर और चौड़ाई 10 मीटर रखी जाएगी।
कहाँ-कहाँ बनेगा आरओबी
भागलपुर-नाथनगर के बीच 306वें किलोमीटर पर एलसी नंबर 1/ए (मुस्लिम हाई स्कूल के पास), एकचारी-घोघा के बीच 269वें किलोमीटर पर एलसी नंबर 06 (एकचारी रेलवे स्टेशन से करीब 300 मीटर दूर) और अकबरनगर-अजगैवीनाथ धाम के बीच 328वें किलोमीटर पर एलसी नंबर 09 (मुरारका कॉलेज के समीप) आरओबी का निर्माण प्रस्तावित है।
जाम से मिलेगी राहत
मुस्लिम हाई स्कूल के पास अमरपुर मार्ग पर बनने वाला आरओबी भागलपुर-अजगैबीनाथ धाम मुख्य रेल लाइन पर स्थित क्रॉसिंग की समस्या को खत्म करेगा। इस मार्ग पर रोजाना 65 से अधिक मालगाड़ी और यात्री ट्रेनों का परिचालन होता है, जिससे दिनभर लंबा जाम लगता है। प्रतिदिन करीब 20-25 हजार छोटे-बड़े वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। एकचारी-महगामा मार्ग पर क्रॉसिंग बंद रहने से लंबा जाम लगता है। यहां बनने वाला आरओबी त्रिमुहान-महगामा मार्ग से जुड़ेगा। इस मार्ग पर रोजाना 700-800 हाइवा सहित पांच से छह हजार वाहनों का परिचालन होता है। पूर्व में अनियंत्रित ट्रकों की टक्कर से रेलवे फाटक दो बार क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिसे आरओबी बनने से स्थायी समाधान मिलेगा।
अजगैबीनाथ धाम-अकबरनगर के बीच बनने वाला आरओबी शाहकुंड और अमरपुर मार्ग को जोड़ेगा। इससे सुल्तानगंज के 14 वार्डों सहित मिरहट्टी, कटहरा, खानपुर, कप्सोना, बेलथु, किरणपुर समेत 100 से अधिक गांवों की करीब दो लाख आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। आरओबी बनने से जाम की समस्या खत्म होगी और यातायात सुचारु हो सकेगा। रेलवे हिस्से में आरओबी की ऊंचाई 12 मीटर और चौड़ाई 10 मीटर रखी जाएगी।






