भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज (BCE) में विजन टू वेंचर हैकथॉन का आयोजन सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। IIT Patna के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का फाइनल रिजल्ट 2 फरवरी 2026 को घोषित कर दिया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्रों को स्टार्टअप, इनोवेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था। कॉलेज के प्राचार्य डॉ आर एम तुगनावत ने छात्रों को नई सोच के साथ आगे आने के लिए प्रोत्साहित किया।
किसे मिलेगी 2 लाख रुपये की मदद
IIT Patna के इनक्यूबेशन सेंटर की तरफ से बेहतरीन आइडिया वाले छात्रों को प्री-इनक्यूबेशन सपोर्ट दिया जाएगा। इसके तहत टॉप परफॉर्म करने वाले आइडिया को 2 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता मिल सकती है। कार्यक्रम में आए एक्सपर्ट डॉ पीयूष झा, डॉ अभिनव पांडेय और दीप्ति आनंद ने छात्रों को बताया कि स्टार्टअप इकोसिस्टम कैसे काम करता है। अब चुने गए छात्र IIT Patna के मेंटरशिप में अपने प्रोजेक्ट को बिजनेस मॉडल में बदल सकेंगे।
कौन बना हैकथॉन का टॉपर
इस प्रतियोगिता में BCE भागलपुर के अलावा मधेपुरा, नवादा और पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्रों ने भी हिस्सा लिया था। जजों के फैसले के बाद पांच छात्रों को विजेता घोषित किया गया है।
- पहला स्थान: रजनीश कुमार
- दूसरा स्थान: सचिन कुमार
- तीसरा स्थान: ऋतिक कुमार
- चौथा स्थान: सुशांत कुमार
- पांचवां स्थान: अभिषेक
प्रोफेसर प्रभाकर कुमार और उनकी टीम ने इस पूरे कार्यक्रम का संचालन किया। कॉलेज प्रशासन ने यह भी तय किया है कि छात्रों के लिए अब परमानेंट प्रॉब्लम-सॉल्यूशन पाइपलाइन बनाई जाएगी ताकि वे नेशनल लेवल पर भी अपनी पहचान बना सकें।






