भागलपुर के सुलतानगंज स्थित बाबा अजगैवीनाथ मंदिर से शुक्रवार को पवित्र गंगाजल देवघर के लिए रवाना किया गया है। यह गंगाजल बाबा वैद्यनाथ मंदिर भेजा गया है जहां महाशिवरात्रि के मौके पर भगवान शिव का अंतिम अभिषेक इसी जल से किया जाता है। मंदिर के महंत प्रेमानंद गिरि ने पूरे सम्मान और विधि-विधान के साथ इस जल को विदा किया।
सदियों पुरानी है यह परंपरा
यह परंपरा काफी पुरानी है और हर साल महाशिवरात्रि से पहले निभाई जाती है। बाबा अजगैवीनाथ मंदिर के महंत खुद देवघर नहीं जाते हैं, बल्कि अपना प्रतिनिधि भेजते हैं। इस बार मंदिर के स्थायी पंडा युगल किशोर मिश्र गंगाजल लेकर देवघर गए हैं। यह जल रविवार को होने वाली महाशिवरात्रि पूजा में विशेष महत्व रखता है क्योंकि बाबा वैद्यनाथ का विवाह संपन्न होने के बाद इसी जल से उनका अभिषेक करने की रीत है।
सुलतानगंज में शिव बरात की तैयारी पूरी
महाशिवरात्रि को लेकर सुलतानगंज में भी उत्साह का माहौल है। रविवार को बाबा अजगैवीनाथ की भव्य बरात निकाली जाएगी। मंदिर प्रशासन ने शादी की रस्मो के लिए सारी तैयारी पूरी कर ली है। शहर में सुरक्षा और भीड़ को संभालने के लिए प्रशासन ने भी इंतजाम किए हैं ताकि आम भक्तों को दर्शन में कोई परेशानी न हो। देवघर में भी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक में बदलाव किए गए हैं।






