होली के त्योहार को देखते हुए भागलपुर में रेलवे सुरक्षा को लेकर बड़ी तैयारी शुरू हो गई है। यात्रियों की भारी भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेल ASP उमेश्वर चौधरी ने बुधवार को स्टेशनों और रेलवे ट्रैक का जायजा लिया। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मुख्यालय से 50 अतिरिक्त पुलिस जवानों की मांग की गई है ताकि त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

नशा खुरानी गिरोह से बचाने के लिए क्या है तैयारी?

होली के समय ट्रेनों में नशा खुरानी गिरोह काफी सक्रिय हो जाते हैं जो यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाकर लूट लेते हैं। इनसे निपटने के लिए 16 सदस्यों की एक स्पेशल टास्क फोर्स बनाई गई है। इस फोर्स को चार छोटी टीमों में बांटा गया है जो अलग-अलग जगहों पर नजर रखेंगी।

इनमें से चार टीमें बंगाल की तरफ रवाना भी कर दी गई हैं। ये टीमें स्टेशनों पर माइक और लाउडस्पीकर के जरिए यात्रियों को जागरूक करेंगी। यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि सफर के दौरान किसी भी अनजान व्यक्ति से खाना-पीना न लें और सतर्क रहें।

पत्थरबाजी रोकने और भीड़ कंट्रोल का क्या प्लान है?

रेल पुलिस ने उन जगहों की पहचान कर ली है जहां अक्सर ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाएं होती हैं। ऐसे संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त GRP जवानों की तैनाती की जाएगी। रेल ASP ने साफ कहा है कि सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संदिग्ध लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

इसके अलावा, बिहार के DGP विनय कुमार ने राज्य भर में दंगा नियंत्रण दस्ते (Riot Control Squad) को 24 घंटे ‘रेडी मोड’ में रहने का आदेश दिया है। ट्रेनों में भीड़ कम करने के लिए केवल कंफर्म टिकट वाले यात्रियों को ही आरक्षित डिब्बों (Reserved Coaches) में चढ़ने की अनुमति दी जाएगी।


Puja Kanjani Covers Bhagalpur Local Updates and Bihar Level Important News. Ex Jagran Media and IndiaTV Journalist.

Leave a comment