विमानन नियामक DGCA ने VSR वेंचर्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 24 फरवरी को एक आदेश जारी करते हुए कंपनी के चार लियरजेट विमानों की उड़ानों पर तुरंत प्रभाव से रोक लगा दी गई है। यह सख्त कदम पिछले महीने महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान हादसे के बाद उठाया गया है, जिसमें उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत पांच लोगों की जान चली गई थी।
ℹ: भागलपुर में डीजे वाहनों पर चला प्रशासन का डंडा, 10 गाड़ियों से वसूला गया 3.5 लाख का जुर्माना।
किन विमानों को किया गया ग्राउंड और क्यों?
DGCA ने जिन चार विमानों को ग्राउंड किया है, उनके रजिस्ट्रेशन नंबर VT-VRA, VT-VRS, VT-VRV और VT-TRI हैं। जाँच एजेंसियों ने पाया कि इन विमानों के रखरखाव और सुरक्षा मानकों में बड़ी खामियां थीं।
हादसे के बाद हुए स्पेशल सेफ्टी ऑडिट में यह बात सामने आई कि फ्लाइट ऑपरेशन्स के दौरान कई जरूरी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। एयरक्राफ्ट रूल्स के नियम 133A के तहत सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर इन विमानों को उड़ान भरने से रोक दिया गया है।
जांच में सामने आया विदेशी कनेक्शन और साजिश का शक
इस मामले की जांच में एक नया मोड़ आया है। जांच के दौरान पता चला है कि यूरोपीय विमानन एजेंसी (EASA) ने पहले ही VSR वेंचर्स का परिचालन लाइसेंस सस्पेंड कर रखा था, क्योंकि कंपनी ने पिछले साल हुए एक अन्य हादसे पर जवाब नहीं दिया था।
उधर, हादसे वाले विमान का कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) भीषण गर्मी के कारण खराब हो गया है। इसके डेटा को रिकवर करने के लिए इसे अमेरिका की कंपनी हनीवेल के पास भेजा गया है। अजित पवार के परिवार, विशेषकर उनके भतीजे रोहित पवार ने इस हादसे में ‘साजिश’ की आशंका जताई है, जिसके बाद अब जांच में क्रिमिनल एंगल भी देखा जा रहा है।
सुरक्षा को लेकर अब क्या होंगे नए नियम?
इस दुखद घटना के बाद DGCA ने VSR वेंचर्स के अलावा 14 अन्य नॉन-शेड्यूल्ड ऑपरेटरों की भी जांच शुरू कर दी है, जो 25 फरवरी तक चलेगी।
यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभाग जल्द ही सभी चार्टर ऑपरेटरों के लिए एक ‘सेफ्टी रैंकिंग सिस्टम’ जारी करेगा। इससे आम लोग चार्टर प्लेन बुक करने से पहले ऑपरेटर की सुरक्षा रेटिंग आसानी से देख सकेंगे। विमान दुर्घटना जाँच ब्यूरो (AAIB) इस मामले की अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट 28 फरवरी तक सौंप सकता है।






