भागलपुर में सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमोद कुमार यादव ने कमर कस ली है। शहर में अपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने जोरदार “रोको-टोको” अभियान छेड़ दिया है। इसका सीधा मकसद है कि चौक-चौराहों पर कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या मनचले बिना पूछताछ के न बच सकें। खासकर होली के त्योहार को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।

क्या है चेकिंग का समय और किन पर होगी कार्रवाई

पुलिस ने जांच के लिए समय सीमा तय कर दी है। अब दिन में 11 बजे से 2 बजे तक और शाम को 4 बजे से 7 बजे तक हर आने-जाने वाले पर पैनी नजर रखी जाएगी। इस दौरान 17 से 30 साल के युवाओं की गाडि़यों की खास जांच हो रही है। अगर आप बाइक पर तीन लोग बैठे हैं या हेलमेट नहीं पहना है, तो चालान कटना तय है। पुलिस वाले अब बॉडी कैमरे लगाकर ड्यूटी कर रहे हैं ताकि जांच में कोई गड़बड़ी न हो और सब कुछ रिकॉर्ड रहे।

शराब और हुड़दंग पर जीरो टॉलरेंस

होली के दौरान डीजे पर अश्लील गाने बजाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। हुड़दंगियों से निपटने के लिए जगह-जगह मजिस्ट्रेट और फ्लाइंग स्क्वॉड तैनात रहेंगे। शराब तस्करों के खिलाफ भी अभियान तेज है। अभी हाल ही में विक्रमशिला टीओपी के पास पुलिस ने एक टैंकर से 3,773 लीटर विदेशी शराब पकड़ी है। कोर्ट ने भी साफ संदेश दिया है कि शराब के धंधे में पकड़े जाने पर 5 साल की जेल और 1 लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है।

नियम तोड़े तो कितना ढीला करना पड़ेगा जेब

नियम तोड़ने वालों के लिए जुर्माने की राशि भी भारी-भरकम है। अगर आपने अपनी बाइक या गाड़ी के साइलेंसर को मॉडिफाई करवाया है, तो 10,000 रुपये तक का जुर्माना भरना पड़ सकता है। आम जनता को सलाह दी जाती है कि वे अपने साथ ड्राइविंग लाइसेंस और गाड़ी के कागज जरूर रखें।

  • बिना हेलमेट गाड़ी चलाने पर: 1,000 रुपये
  • ट्रिपल राइडिंग करने पर: 1,000 रुपये
  • गाड़ी चलाते वक्त मोबाइल पर बात करने पर: 5,000 रुपये तक

Puja Kanjani Covers Bhagalpur Local Updates and Bihar Level Important News. Ex Jagran Media and IndiaTV Journalist.

Leave a comment