Union Public Service Commission (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का परिणाम जारी कर दिया है। इसमें भागलपुर की बेटी मीमांसा ने शानदार सफलता हासिल की है। मीमांसा ने अपने चौथे प्रयास में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 447 प्राप्त किया। वह वर्तमान में पूर्णिया में सहायक आयकर आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं और नौकरी के साथ तैयारी कर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।
कैसे की मीमांसा ने नौकरी के साथ तैयारी?
मीमांसा ने अपनी सफलता का श्रेय सेल्फ स्टडी और कड़ी मेहनत को दिया है। उन्होंने बताया कि अंतिम चरणों के लिए उन्होंने किसी फॉर्मल कोचिंग का सहारा नहीं लिया। इससे पहले उन्होंने 68वीं BPSC परीक्षा में भी 10वां स्थान हासिल किया था, जिसके बाद वह पूर्णिया में तैनात हुईं। नौकरी की जिम्मेदारियों को निभाते हुए उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और चौथे प्रयास में यह बड़ी सफलता पाई।
कहाँ से हुई पढ़ाई और परिवार में कौन है?
मीमांसा भागलपुर के जीरो माइल स्थित चाणक्य विहार कॉलोनी की रहने वाली हैं। उनकी स्कूली शिक्षा माउंट असीसी स्कूल से हुई है। इसके बाद उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) से पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जेएनयू (JNU) से पोस्ट-ग्रेजुएशन किया। उनके पिता मिथिलेश कुमार यादव कॉपरेटिव विभाग में कार्यरत हैं और मां कंचन देवी गृहिणी हैं। रिजल्ट आने के बाद उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
- नाम: मीमांसा
- UPSC रैंक: 447 (AIR)
- प्रयास: चौथा
- वर्तमान पद: सहायक आयकर आयुक्त (पूर्णिया)
- पिछली सफलता: 68वीं BPSC (10वीं रैंक)






