नवगछिया में एक आर्मी जवान साइबर ठगी का शिकार हो गया। ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट ट्रेडिंग के नाम पर जवान गोविंद कुमार से करीब 14.90 लाख रुपये की ठगी हुई है।
पीड़ित जवान के परिजनों ने ऑनलाइन मामला दर्ज करवाया और साइबर थाना में कानूनी कार्रवाई के लिए आवेदन दिया है। परिजनों के मुताबिक, आर्मी जवान एक ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के संपर्क में आया था। उस प्लेटफॉर्म ने ज्यादा मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग तारीखों में UPI और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए बड़ी रकम ट्रांसफर करवाई।
आवेदन में बताया गया है कि कुल 14,90,059 रुपये की ठगी हुई है। सभी भुगतान ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर हुए।
ये ठगी गोविंद से हुई है, जो नवगछिया के राजेंद्र कॉलोनी में किराए के मकान में रहते हैं। जवान का परिवार भी साथ में रहता है।
क्या कहना है पीड़ित का?
जवान के परिवार ने पुलिस को सारे ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट भी दिए हैं। पीड़ित पक्ष ने अपने आवेदन में बताया है कि फिलहाल उस प्लेटफॉर्म से न तो पैसे वापस मिल रहे हैं और न ही कोई संपर्क कर रहा है। पहली नजर में ये एक संगठित साइबर अपराध लग रहा है।
बताया गया है कि पीड़ित जवान का परिवार नवगछिया के राजेंद्र कॉलोनी इलाके में किराए के मकान में रहता है। साइबर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोषियों को पकड़ा जाएगा और जवान के पैसे वापस दिलवाने की कोशिश की जाएगी।
